घर में खेलते दो साल के बच्चे के सीने पर गिरा दस किलो वजनी टीवी, मौत
लुधियाना|टिब्बा रोड इलाके में गुरमेल पार्क के पास गीता कॉलोनी में अलग किस्म का दर्दनाक हादसा पेश आया। यहां घर में खेल रहे दो साल के बच्चे कार्तिक की छाती पर पुराने मॉडल का करीब दस किलोग्राम भारी टीवी गिर गया। बेहोशी की हालत में उसे नजदीकी प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जहां पर डॉक्टर ने उसको मृत घोषित कर दिया। परिजन उसका संस्कार करने की तैयारी में थे तो पुलिस ने शव कब्जे में लेकर बुधवार को पोस्टमार्ट कराया। इसमें पता कि वजन के दबाव से बच्चे के शरीर के अंदरुनी नाजुक हिस्से क्षतिग्रस्त हो जाने से उसकी मौत हुई है।
तार खींचने के चलते गिरा था टीवी
जानकारी के मुताबिक मरने वाले बच्चे का पिता वरिंदर कुमार होजरी फैक्टरी में काम करता है। उसके दो छोटे बच्चे हैं, इनमें बड़ा दो साल का कार्तिक गत दिवस घर में खेल रहा था। उसी दौरान टीवी की तार उसने खेलते हुए खींच ली। इसके चलते स्टैंड पर रखा वजनी टीवी सीधे उसकी छाती पर गिर पड़ा। बच्चे की मौत हो जाने पर परिजन जब उसके संस्कार की तैयारी में लगे थे, तभी किसी ने पुलिस को इस हादसे की सूचना दे दी। थोड़े विरोध के बाद परिजनों ने बच्चे का शव पुलिस को सौंप दिया। थाना डिवीजन तीन के एएसआई संजीव कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना के आधार पर ही बच्चे की लाश कब्जे में ली गई थी। पोस्टमार्टम के बाद पंचनामे की कार्रवाई कर परिजनों को शव सौंप दिया गया था।
टिब्बा रोड की गीता कॉलोनी में अलग तरह का हादसा