पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Punjab
  • Ludhiana
  • लाडोवाल मेगा फूड पार्क पूरा होने को, फगवाड़ा और फाजिल्का में काम शुरू

लाडोवाल मेगा फूड पार्क पूरा होने को, फगवाड़ा और फाजिल्का में काम शुरू

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
लाडोवाल में करीब 100 एकड़ की साइट पर लगाया जा रहा लाडोवाल मेगा फूड पार्क लगभग पूरा होने की तैयारी में है और यहां पर विभिन्न कंपनियों की ओर से खरीदी जा रही साइटों पर काम भी शुरू हो गया है। इसके अलावा प्रदेश में दो अन्य शहरों फगवाड़ा में सुखजीत मेगा फूड पार्क और फाजिल्का में इंटरनेशनल मेगा फूड पार्क स्थापित करने को जमीनी स्तर पर काम शुरू हो चुका है। इसके अलावा अमृतसर कोलकाता इंडस्ट्रियल कॉरीडोर के अंतर्गत राज्य में दो मेन्युफैक्चरिंग क्लस्टर स्थापित किए जाएंगे, जिनमें लुधियाना में ‘उच्च तकनीक मेन्युफैक्चरिंग क्लस्टर’ और राजपुरा (पटियाला) में ‘इंटीग्रेटेड मेन्युफैक्चरिंग क्लस्टर’ स्थापित करना शामिल है। ये बात इंडस्ट्री मिनिस्टर शाम सुंदर अरोड़ा ने पीएयू में आयोजित कॉनक्लेव में शिरकत करते हुए कही। उन्होंने कहा कि राज्य में फूड प्रोसेसिंग सेक्टर के विकास के लिए सरकार की तरफ से बहुत अच्छा ‘ईको सिस्टम’ मुहैया करवाया जा रहा है। पंजाब सरप्लस बिजली वाला राज्य है और उद्योगों के लिए सस्ती दर पर पूरी बिजली सप्लाई दी जा रही है। विश्व बैंक ने पंजाब को नया उद्यम आसान तरीके से स्थापित करने के लिए देश का सबसे बढ़िया राज्य घोषित किया है। इसके अलावा विभिन्न रेटिंग एजेंसियों ने भी पंजाब के विकास मॉडल को मान्यता दी है।

पीएयू में आयोजित पंजाब एग्री एंड फूड कॉन्क्लेव में इंडस्ट्री मिनिस्टर सुंदर शाम अरोड़ा को सम्मानित करते आयोजक। (दाएं) कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य लोग।

10 लाख से 25 लाख तक लोन की सुविधा

युवा पीएयू से ट्रेनिंग लेकर फूड इंडस्ट्री लगा सकें, इसके लिए लोन की सुविधा और इसकी जानकारी के लिए जिला उद्योग केंद्र ने स्टॉल लगाया। मैन्युफैक्चरिंग यूनिट के लिए 25 लाख और सर्विस सेंटर के लिए 10 लाख तक के लोन की जानकारी दी। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन प्रोग्राम के तहत इस स्कीम में शहरी इलाकों में जनरल कैटेगरी को 15 फीसदी, गांवों के लिए 25 फीसदी तक की सब्सिडी है। एससी-बीसी के लिए सब्सिडी 25 से 35 फीसदी है। इसके लिए बनी टास्क फोर्स की अगुवाई डीसी करेंगे।

इन कंपनियाें ने लगाए स्टॉल

कॉनक्लेव में पंजाब भर से कई अहम कंपनियाें ने स्टॉल लगाकर अपने प्रोडक्ट और कृषि पैदावार से अपनी जरूरतों को लेकर जानकारी दी। इसमें सुप्रीम एग्रो, बांसल ग्रुप, सेंचुरी प्लाईबोर्ड, वेरका, नेबी, पंजाब एग्रो इंडस्ट्री कॉरपोरेशन, पंजाब एग्रो एक्सपोर्ट कॉरपोरेशन, मार्कफेड और मिस बैक्टर फूड स्पेशलिस्ट अहम रहीं।

तीन सालों में फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री में हुआ 7 हजार करोड़ का निवेश

पंजाब में फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री को बढ़ावा देने का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि अभी तक पिछले तीन साल में करीब 7 हजार करोड़ रुपए विभिन्न मल्टीनेशनल कंपनियों की ओर से पंजाब में निवेश किए जा चुके हैं। इन कंपनियों में आईटीसी, पेप्सी, महिंद्रा, गोदरेज, कारगिल, नेरोलक और रिलांयस आदि शामिल हैं। जिस तरह से फूड प्रोसेसिंग के लिए पंजाब में अवसर बढ़ रहे हैं, उसी तरह से यहां पर देश और विदेशी निवेशकों की संख्या भी 150 के पार पहुंच गई है। वहीं मेगा फूड पार्क को करीब 50 एकड़ जमीन में प्रपोज किया जा सकता है और इसमें 25 करोड़ रुपए तक की ग्रांट मिल सकती है। इसमें व्यापार को बढ़ाने के लिए सबसे बड़ी रियायत 25 करोड़ रुपए में से 10 करोड़ रुपए की सब्सिडी है। वहीं युवा वर्ग अगर राज्य में नया उद्योग लगाना चाहता है तो बैंकों की तरफ से बिना किसी परेशानी के 5 लाख रुपए से 25 लाख रुपए तक लोन की सुविधा मुहैया करायी जाएगी। यदि कोई बैंक कर्ज देने से आना-कानी करता है या नाहक अपमानित करता है तो ऐसे बैंक के खिलाफ पंजाब सरकार की तरफ से बनती कार्रवाई की जाएगी। इसलिए राज्य के सभी डिप्टी कमिश्नरों को बाकायदा स्पष्ट हिदायतें जारी की गई हैं।

कॉन्क्लेव में एक कंपनी के स्टॉल पर प्रोडक्ट्स देखतीं महिलाएं। फोटो : भास्कर

खबरें और भी हैं...