मेयर बलकार संधू की नाराजगी के बाद जारी हुई टाउन वेंडिंग कमेटी की लिस्ट
मेयर बलकार सिंह संधू की नाराजगी के बाद बुधवार को सुपरिंटेंडेंट (हेडक्वार्टर) एचएस डल्ला की ओर से टाउन वेंडिंग कमेटी की नई लिस्ट जारी कर दी गई है। इस लिस्ट में हर जोन में 8 कौंसलरों को शामिल किया गया है। वहीं लिस्ट में विरोधी दलों के सिर्फ दो कौंसलर ही शामिल किए गए हैं।
जोन ए की टाउन वेंडिंग कमेटी में कांग्रेस की वाॅर्ड 88 से कौंसलर मनप्रीत ग्रेवाल और वाॅर्ड 85 से भाजपा की सुनीता रानी को मेंबर बनाया गया है। जोन बी में वाॅर्ड 19 से कांग्रेस कौंसलर मनीषा टपारिया और वाॅर्ड 52 से कांग्रेस के गुरदीप नीटू मेंबर हैं। जोन सी में वाॅर्ड 39 से कांग्रेस की कौंसलर जसप्रीत ठुकराल और वाॅर्ड 46 से अकाली दल के हरभजन डंग को मेंबर बनाया गया है। वहीं जोन डी की टाउन वेंडिंग कमेटी में वाॅर्ड 68 से कांग्रेस के बलजिंदर सिंह अौर वाॅर्ड 73 से कांग्रेस की सीमा कपूर को मेंबर लिया गया है। कमेटियों में हेल्थ ब्रांच, एसीपी ट्रैफिक, मार्केट एसोसिएशन, एनजीओ, रेजिडेंट वेल्फेयर एसोसिएशन, बैंक और 6 मेंबर रेहड़ी-फड़ी वाले शामिल किए गए हैं। इसके साथ ही रेहड़ी-फड़ी यूनियन के प्रधान टाइगर सिंह ने इस फैसले का स्वागत करते हुए वेंडिंग जोन स्कीम को जल्द सिरे चढ़ाने की मांग की है।
बता दें कि भास्कर ने 16 मई बुधवार के अंक में बताया था कि टाउन वेंडिंग कमेटी न बनने से वेंडिंग जोन बनाने के काम में देरी हो रही है। इसमें लोकेशन फाइनल करने, रेट और योग्यता तय करने के सारे फैसले इसी कमेटी को करने हैं। इसके लिए मेयर बलकार संधू ने कहा था कि कमेटी बना दी गई है, लेकिन सुपरिंटेंडेंट एचएस डल्ला कह रहे थे कि अभी इसमें टाइम लगेगा। इसके बाद मेयर ने बुधवार को अफसरों के इस रवैये पर नाराजगी जताई थी।
16 मई को छपी खबर