अलग-अलग थानों की पुलिस ने शुक्रवार 252 बोतल पंजाब और चंडीगढ़ की इल्लीगल शराब समेत पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान गली नंबर चार मोहल्ला जगदीशपुरा ताजपुर रोड के रहने वाले रवि कुमार, गांव जमालपुर अवाना के रहने वाले पवनदीप सिंह, मुस्लिम कालोनी शेरपुर खुर्द के रहने वाले राकेश राजपूत, गांव रूड़का के रहने वाले दीदार सिंह और गांव गुरम के रहने वाले नागेश्वर कुमार के रूप में हुई है। पहले मामले में थाना डिवीजन नंबर सात पुलिस ने बाइक पर शराब की खेप ले जा रहे रवि कुमार को 180 बोतल समेत गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 18 मई को वह ताजपुर रोड पर चैकिंग कर रहे थे। मोहल्ला जगदीशपुरा की ओर से बाइक के आगे प्लास्टिक का बोरा रख कर आ रहा आरोपी पुलिस को देख घबरा गया और बाइक मोड़ने की कोशिश की। शक होने पर पुलिस पार्टी ने आरोपी को काबू कर तलाशी ली तो बोरे में इल्लीगल शराब बरामद हुई।
दूसरे मामले में थाना जमालपुर पुलिस ने चिड़ी चौक जमालपुर अवाना में चैकिंग दौरान चंडीगढ से शराब की खेप लेकर आ रहे पवनदीप सिंह को 48 बोतल चंडीगढ़ की शराब समेत काबू किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को अदालत में पेश किया जहां से उसे सेंट्रल जेल भेज दिया गया। तीसरे मामले में थाना मोती नगर पुलिस ने घर के बाहर गेट पर रख कर सरेआम शराब बेच रहे राकेश राजपूत को 12 बोतल देसी शराब और चौथे मामले में थाना डेहलों पुलिस ने दीदार सिंह और नागेश्वर कुमार को 12 बोतल शराब समेत रुड़का चौक से काबू किया है।
यूपी से लाया सस्ती अफीम, आधा किलो समेत तस्कर काबू
लुधियाना| यूपी से सस्ती अफीम लेकर लुधियाना पहुंचे तस्कर को सीआईए-2 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गली नंबर 6 गुरू नानक नगर के रहने वाले कर्मजीत सिंह उर्फ कर्मा के रूप में हुई है, उससे आधा किलो अफीम बरामद हुई है। पुलिस ने आरोपी पर थाना जमालपुर में एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया जहां से उसे ज्यूडिशियल कस्टडी में सेंट्रल जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार 18 मई को वह गश्त दौरान जमालपुर अवाणा से ताजपुर रोड की ओर जा रहे थे। तिकोनी पार्क के पास हाथ में प्लास्टिक का लिफाफा लेकर पैदल निकल रहा आरोपी पुलिस को देख छिपने की कोशिश करने लगा। शक होने पर पुलिस ने आरोपी को काबू कर लिया।