हेड ऑफिस को भी भेजी जाएगी रिपोर्ट
एजुकेशन रिपोर्टर। लुधियाना
राज्य भर के स्कूलों में मिड डे मील योजना चलाई जा रही है। इसके तहत प्राइमरी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को विभाग द्वारा जारी मैन्यू के अनुसार दोपहर का खाना दिया जाता है। इसी के तहत स्कूलों को हर रोज मिड डे मील की रिपोर्ट तैयार करनी होती है। पहले विभाग द्वारा लिखित में ये रिपोर्ट ली जाती थी। फिर स्कूलों द्वारा महीने के अंत में मिड डे मील की रिपोर्ट में गड़बड़ की जाने लगी। इसी के चलते विभाग ने सभी स्कूलों को रोजाना एसएमए के जरिए जानकारी विभाग को देने के लिए आदेश जारी किए। इस आदेश में स्कूलों को स्कूल में उस दिन आए स्टूडेंट्स, कितना राशन लगा, कुकिंग कॉस्ट और कितने स्टूडेंट्स ने मिड डे मील खाया जैसी जानकारी रोजाना देने के आदेश दिए गए। अब शिक्षा विभाग द्वारा बनाई गई मिड डे मील मोबाइल एप के जरिए ही स्कूलों को जानकारी अपडेट करने के लिए कहा गया है। एेसे में स्कूलों द्वारा विभाग द्वारा स्कूलों पर बोझ बढ़ाने के चलते इसका विरोध करते हुए जानकारी अपडेट नहीं की जा रही। इसी विरोध को देखते हुए मिड डे मील सोसायटी द्वारा सभी स्कूलों को मोबाइल एप के जरिए जानकारी रोजाना अपडेट करने के लिए कहा गया है। अगर स्कूलों द्वारा जानकारी नहीं दी जाती, देरी की जाती है या लापरवाही बरती जाती है तो स्कूल हेड पर विभाग अनुशासनहीनता की कार्रवाई करेगा। साथ ही हेड ऑफिस को भी इसकी रिपोर्ट बना कर भेजी जाएगी।