निगम अफसरों ने गिल फ्लाईओवर का हिस्सा गिरने का आरोप आधी रात को ही चूहों पर लगा दिया तो हर जगह उनकी खिल्ली उड़ रही है। फ्लाईओवर गिरने की जांच किए बगैर चूहों पर इल्जाम लगाने को लेकर हिंदू शक्ति मोर्चा ने निगम के जोन डी दफ्तर में अनोखा प्रदर्शन किया। संयोजक रोहित साहनी की अगुवाई में मोर्चा वर्कर 3 चूहे पिंजरे में डाल निगम कमिश्नर को देने पहुंच गए। इसका पता पहले ही चल गया था तो दफ्तर के गेट पर ही एक इंस्पेक्टर व चार थानेदारों की अगुवाई में लगभग 30 पुलिस मुलाजिम तैनात हो गए। उन्होंने चूहों को अंदर नहीं ले जाने दिया। बाद में सिर्फ मोर्चा वर्कर निगम कमिश्नर से मिले और कार्रवाई की मांग की। पिंजरे में बंद चूहों को वो निगम के गेट पर रख चले गए। जिनकी पुलिस वाले निगरानी करते रहे। जिन्हें बाद में दूर जाकर छोड़ दिया गया।
गौर हो कि गिल चौक फ्लाईओवर के नीचे साइड वॉल गिरने के बाद ट्रैफिक के लिए पुल की दोनों साइडों को बंद कर दिया गया है। इसके चलते शहर में ट्रैफिक समस्या बढ़ गई है।
कमिश्नर साब! पकड़ लिए गिल फ्लाईओवर गिराने वाले मुजरिम चूहे, पुलिस से पूछताछ कराइए-और कौन-कौन से गिराने की थी प्लानिंग
चूहे पिंजरे में डाल कमिश्नर को देने पहुंचे मोर्चा के वर्कर
तीन चूहों की निगरानी को 30 पुलिस मुलाजिम तैनात
निगम कमिश्नर जसकिरन सिंह बोले: अभी किसी को क्लीन चिट नहीं दी, जांच रिपोर्ट आने के बाद लेंगे की जाएगी सख्त कार्रवाई
मोर्चा वर्करों की अनोखी मांग सुन एकबारगी तो निगम कमिश्नर जसकिरन सिंह भी तैश में आ गए। उन्होंने कहा कि मैं निगम का हेड हूं। मैंने कभी नहीं कहा कि चूहों ने गिल फ्लाईओवर का हिस्सा गिराया। डिप्टी कमिश्नर ने एडीसी की अगुवाई में टेक्निकल लोगों की जांच कमेटी बनाई है। उन्हें 15 दिन में रिपोर्ट देनी है। उसके बाद पता चलेगा कि फ्लाईओवर गिरने का कारण क्या है?। तब तक अफसरों व बिल्डर को क्लीन चिट नहीं दी है। जांच रिपोर्ट का इंतजार करिए।