पंजाब सरकार लुधियाना जिला से 4 तेजाब पीड़ितों को हर महीने 8 हजार रुपये सहायता राशि देगी। ये राशि सामाजिक सुरक्षा, स्त्री एवं बाल विकास विभाग दफ्तर के पास पहुंच चुकी है। इस राशि को जल्द पीड़ितों को दे दिया जाएगा। बता दें कि सत्ता में आने से पहले कांग्रेस पार्टी ने यह ऐलान किया था कि सत्ता में आने के बाद पीड़ितों को सहायता राशि दी जाएगी। जिसे अब पूरा किया गया है।
इस योजना का नाम तेजाब पीड़ितों के लिए वित्तीय सहायता स्कीम 2017 रखा गया है। जिला लुधियाना में तेजाब से पीड़ित 5 लोग सामने आ चुके हैं, इनमें से 4 के लिए सहायता राशि मंजूर हो चुकी है। पीड़ितों को ये राशि दिसंबर 2017 से मार्च 2018 यानी 4 महीने की जारी होगी।
सामाजिक सुरक्षा, स्त्री एवं बाल विकास दफ्तर पहुंची सहायता राशि
इस तरह ले सकते हैं फायदा : तेजाब पीड़ित पंजाब का रहने वाला होना चाहिए। वह खुद कमेटी के पास वित्तीय सहायता के लिए जिला सामाजिक सुरक्षा अफसर के पास आवेदन कर सकता है। अगर वह खुद आवेदन देने में असमर्थ है, तो पारिवारिक सदस्य उसकी तरफ से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ मेडिकल सर्टिफिकेट भी लगाना जरूरी होगा। जिसमें लिखा होगा कि आवेदनकर्ता तेजाब के कारण अपंग हुआ है। इसके अलावा ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर पहचान पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट या फिर रेजिडेंशियल सर्टिफिकेट में से किसी एक की कॉपी सर्टिफाइड देनी होगी। आवेदन कर्ता को अपने बैंक खाते की जानकारी भी साथ में देनी होगी।