जापान में लुधियाना के युवक की मौत
लुधियाना| जापान एंबेसी की हिरासत में लुधियाना के युवक की जापान में शकी हालात में मौत हो गई। मरने वाला प्रेम नगर इस्लामगंज का रहने वाला दीपक कुमार है। वह 9 महीने से जापान इमीग्रेशन एंबेसी की हिरासत में था। जानकारी देते दीपक के पिता नंदलाल और माता जानकी ने बताया कि उनका 32 साल का बेटा दीपक अनमैरिड था। अप्रैल 2017 में वह अपने दोस्तों राजन और महिंदर के साथ चाइना घूमने गया था। वहां से वापस आते समय फ्लाइट जापान एयरपोर्ट पर रुकी तो दीपक वहां की एंबेसी से टूरिस्ट वीजा लेकर जापान घूमने चला गया। जबकि उसके दोस्त वापस आ गए। दीपक ने जापान में जुलाई तक अपना वीजा बढ़वा लिया। जुलाई में वह दोबारा वीजा बढ़वाने गया तो शक के आधार पर उसे हिरासत में ले लिया गया। उसके बाद 9 महीने से वह वहीं पर था। 13 अप्रैल को दीपक ने फोन पर पिता नंदलाल से बात कर उसे छुड़ाने के लिए सरकार से मदद मांगने को कहा। इसके कुछ देर बाद ही उन्हें दीपक के साथ हिरासत में रह रहे इंडियन लड़के सन्नी ने फोन कर बताया कि दीपक की मौत हो गई है।