पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Punjab
  • Ludhiana
  • लाठीचार्ज कर महिलाओं समेत प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा, एक घंटा हाईवे रहा जाम, 12 लोग जख्मी

लाठीचार्ज कर महिलाओं समेत प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा, एक घंटा हाईवे रहा जाम, 12 लोग जख्मी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
ग्यासपुरा में निगम कार्रवाई का विरोध करने के दौरान करंट लगने से झुलसे युवक सन्नी का प्रशासन द्वारा इलाज न कराने पर शुक्रवार को रोष प्रदर्शन करने जा रहे लोगों को पुलिस ने लाठीचार्ज कर खदेड़ दिया। इस दौरान 12 लोग जख्मी हो गए। ये घटनाक्रम सुबह करीब 11 बजे से लेकर 12 बजे तक चलता रहा जिससे हाईवे पर करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। प्रदर्शनकारियों का कहना था जख्मी सन्नी का इलाज कराने का प्रशासन ने आश्वासन दिया था लेकिन कोई मदद नहीं की गई। प्रदर्शनकारियों के साथ जा रही महिलाओं ने जैसे ही एसपीएस अस्पताल के निकट मेन रोड जाम किया तो हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। उन्हें खदेड़ने के लिए ही पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इस दौरान कई फैक्टरियों के लोगों ने अपने मेन गेट ही बंद कर लिए। लाठीचार्ज में दिशा, गुरपाल, भोपाल सिंह चोहाल, गब्बर, साका, रोहित, निशु, बजिंदर, पिंकी, राजू, सुरेश, निसान जख्मी हो गए। थाना डिवीजन 6 पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ नेशनल हाईवे जाम करने व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। जबकि वीरवार को ग्यासपुरा में हुई वारदात के बाद थाना डाबा की पुलिस ने नगर निगम के जोन सी के कार्यकारी इंजीनियर करमजीत सिंह के बयान पर हत्या करने के प्रयास में मामला दर्ज किया है। गौरतलब है कि वीरवार को ग्यासपुरा के सरकारी फ्लैटों से कब्जाधारियों को हटाने गई निगम टीम का विरोध करते हुए सन्नी नाम का युवक बिजली के खंभे पर चढ़ गया था। इस दौरान करंट लगने से वह झुलस गया था। इन फ्लैटों में जगराओं पुल के नीचे रहने वाले लोगों को शिफ्ट किया जाना है। इसी के चलते जगराओं पुल को तोड़ने का काम लेट होता जा रहा है।

जगराओं पुल के नीचे से कब्जाधारी शिफ्ट कराने को ग्यासपुरा सरकारी फ्लैट खाली कराने गई निगम टीम के विरोध का मामला, खंभे पर चढ़ने से झुलसे युवक के इलाज को लेकर शेरपुर चौक जाम करने पर अड़े तो पुलिस ने लिया एक्शन

सिर्फ एक महिला पुलिस मुलाजिम थी साथ

रोष जताने जा रहे करीब 250 लोगों में 60-70 के करीब महिलाएं भी शामिल थीं। लेकिन उन्हें रोकने के लिए पुलिस पार्टी के साथ केवल एक ही महिला मुलाजिम थी। बाद में पुलिस ने 3 अन्य महिला मुलाजिमों को बुलाया। जबकि उनसे पहले ही पुलिस मुलाजिमों ने लाठीचार्ज कर महिलाओं को खदेड़ दिया था।

निगम हर हाल में खाली कराएगा फ्लैट

नगर निगम के फ्लैटों पर किए कब्जों को हर हाल में खाली कराया जाएगा। इसके लिए पुलिस फोर्स को साथ लेकर कार्रवाई की जाएगी। -जसकिरन सिंह, निगम कमिश्नर

निगम मुलाजिमों का कमिश्नर को 72 घंटे का अल्टीमेटम

लुधियाना| ग्यासपुरा में फ्लैटों से कब्जे हटाने के लिए गए निगम अफसरों से मारपीट पर म्युनिसिपल इंप्लाइज संघर्ष कमेटी ने निगम कमिश्नर को 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। शुक्रवार को उन्होंने जोन डी में निगम कमिश्नर जसकिरन सिंह से मीटिंग की। कमेटी के चेयरमैन अश्विनी सहोता व जनरल सेक्रेटरी राजीव भारद्वाज ने कहा कि ग्यासपुरा फ्लैट से कब्जाधारियों को हटाने के मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों पर जानलेवा हमला करने व सरकारी ड्यूटी में विघ्न डालने का केस दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि निगम एक्सईएन से मारपीट करने वाले सरेआम नजर आ रहे हैं। इस बाबत उनके पास फोटोग्राफ्स मौजूद हैं तथा अखबारों में भी फोटो छपी हैं। उन्होंने कहा कि उसमें से इन आरोपियों की शिनाख्त कर केस में उनके नाम दर्ज किए जाएं और उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने कहा कि मंगलवार को वो इसके विरोध में गेट रैली करेंगे। जिसके बाद अगले संघर्ष का ऐलान किया जाएगा। कमेटी के मुताबिक अगर इस मामले में तुरंत आरोपी न पकड़े गए तो वे कामकाज ठप करने का भी फैसला कर सकते हैं।

चेतावनी: निगम अफसर पर हमले के आरोपी नामजद कर अरेस्ट करे पुलिस

इधर, प्रदर्शनकारियों पर नेशनल हाईवे जाम करने समेत अन्य धाराओं में पर्चा

जगराओं पुल के नीचे से कब्जे हटाने की मंडे को खत्म होगी मियाद,अब निगम कोर्ट के भरोसे

लुधियाना| जगराओं पुल के नीचे से एन्क्रोचमेंट्स हटाने के लिए दिए 15 दिन का टाइम मंडे को खत्म हो रहा है, लेकिन निगम अभी भी कार्रवाई के मूड में नहीं है। चूंकि मामला अब अदालत में जा चुका है, इसलिए अब अफसर अदालती फैसले के भरोसे चले गए हैं। अफसर इस मामले में अदालत के फैसले का इंतजार करेंगे, तभी जगराओं पुल से अवैध कब्जे हटाए जाएंगे। निगम के पीछे हटने का बड़ा कारण इन लोगों को शिफ्ट करने के लिए ग्यासपुरा में फ्लैट खाली न होना है। जहां फ्लैट खाली कराने पर निगम स्टाफ पर हमला हो चुका है। अब अफसर “वेट एंड वॉच’ की स्थिति में चले गए हैं। एन्क्रोचमेंट्स न हटने की वजह से जगराओं पुल के स्ट्रक्चर को गिरा नया हिस्सा खड़ा करने का काम शुरू नहीं हो पा रहा है क्योंकि इसी जगह पर मशीनें लगाकर यह काम किया जाना है। कंस्ट्रक्शन कंपनी अभी सिर्फ पुल तोड़ने तक ही सीमित है जबकि इस पुल को 10 से 11 महीने में कंप्लीट करने का टारगेट रखा गया था। बता दें कि ये मामला अब लोकल कोर्ट में चल रहा है। जहां इसकी अगली सुनवाई 22 मई को होनी है।

प्रदर्शनकारियों को घेर बरसाए डंडे, खाना खा रहे युवक भी नहीं बख्शे -पढ़ें पेज 3 पर

उधर, वीरवार को निगम अफसर पर हमले के मामले में भी दर्ज किया हत्या के प्रयास का केस

शेरपुर चौक पर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ती पुलिस।

खबरें और भी हैं...