लुधियाना|लुधियाना के ट्रांसपोर्ट दफ्तर में वाहन-4 सॉफ्टवेयर पूरी तरह से सोमवार से शुरू होने जा रहा है। हालांकि शुक्रवार को इसे शुरू कर दिया गया था, जिसमें अभी पुरानी आरसी और टैक्स का ही काम हुआ। जबकि नई आरसी के लिए पूरी तरह से सोमवार को सॉफ्टवेयर शुरू होगा। इसकी पुष्टि आरटीए अफसर लवजीत कलसी ने की है। यहां बता दें कि मिनिस्ट्री ऑफ रोड ट्रांसपोर्ट एंड हाईवे ने सभी राज्यों में वाहनों की रजिस्ट्रेशन से लेकर सभी प्रकार के काम को वाहन-4 सॉफ्टवेयर के साथ जोड़ा है। 30 अप्रैल से पंजाब सरकार का वाहन सॉफ्टवेयर बंद कर दिया गया था और वाहन-4 से पुराने डाटा को जोड़ने का काम चल रहा था। सोमवार से शुरू होने जा रहे वाहन-4 सॉफ्टवेयर को नेशनल इनफॉर्मेशन सेंटर (एनआईसी) ऑपरेट करेगा। इससे नए-पुराने वाहन की रजिस्ट्रेशन, पासिंग, आरसी, एचपी कैंसिल समेत कई प्रमुख काम होंगे।