फोकल पॉइंट फेस-7 में लाठियों और तेजधार हथियारों से लैस लोगों ने हमलाकर महिला समेत तीन लोगों को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। उन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। हमलावरों ने मारपीट के दौरान जख्मियों की झुग्गी को आग लगा दी। उनकी पहचान मनदीका भारती, उसके पति रविंदर और देवर के रूप में हुई है। इस कारण घर का सारा सामान जलकर राख हो गया। जब लोगों ने पुलिस को सूचित किया तो हमलावर मौके से फरार हो गए।
मौके पर पहुंची थाना फोकल पॉइंट पुलिस ने मनदीका भारती के बयान पर कार्रवाई करते हुए प्रदीप कुमार, जसवीर, संदीप कुमार, अशोक कुमार और उनके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पुलिस को दिए बयान में मनदीका ने बताया कि आरोपियों के साथ उसके पति रविंदर और उसके देवर के ताल्लुकात थे। पिछले कुछ समय से हमलावरों को शक था कि उसके पति और देवर ने उनके साथ धोखा किया है। इसे लेकर कई बार उनके साथ बातचीत भी की गई थी, लेकिन फिर भी हमलावर उनके साथ रंजिश रखते थे। इसे लेकर हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। हमले के दौरान उन्होंने उनकी झुग्गी को आग लगा दी। इस कारण झुग्गी में पड़ा उनका घरेलू सामान, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, 45 हजार कैश, सोने के जेवर और अन्य सामान जलकर राख हो गया। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।