रेलवे स्टेशन के जनरल टिकट बुकिंग रूम में तीन सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, इससे मुलाजिमों पर नजर रखी जा सकेगी। काउंटरों पर होने वाले झगड़ों की असलियत तो पता चलेगी ही, साथ में कैश काउंटर पर भी नजर रहेगी। ये कैमरे स्टेशन डायरेक्टर ने सुरक्षा को ध्यान में रखकर लगवाए हैं। इनकी मॉनीटरिंग स्टेशन डायरेक्टर अभिनव सिंगला के मोबाइल से कर सकेंगे। वह कभी भी मोबाइल के जरिए जनरल टिकट बुकिंग रूम में चल रहा कामकाज देख सकेंगे। इसके अलावा इसे फिरोजपुर डिवीजन डीआरएम के मोबाइल से भी अटैच किया जाएगा।
स्टेशन डायरेक्टर सिंगला ने यह भी बताया कि इन कैमरों से मुख्य तौर पर यह ध्यान में रखा जाएगा कि जनरल टिकट काउंटरों पर मौजूद स्टाफ का बिहेवियर पैसेंजर के साथ कैसा है। स्टाफ रेगुलर वर्किंग कर रहा है या नहीं। बुकिंग काउंटर सही टाइम पर अोपन किया जा रहा है या नहीं। सबसे अहम बात ये है कि कैश काउंटर पर सुरक्षा के लिहाज से तीन कैमरे लगाए हैं। उन्हें शुक्रवार को चालू भी कर दिया गया है।
शिकायतों का भी होगा जल्द निपटारा: जनरल टिकट काउंटरों पर हमेशा किसी न किसी बात को लेकर यात्रियों और काउंटर पर बैठे स्टाफ में झगड़ा हो जाता है। इसके बाद यात्री या स्टाफ शिकायतें करते हैं। ऐसे में सीसीटीवी कैमरे लगने से अब यह मौके पर ही स्पष्ट हो जाएगा कि गलती किसकी थी। इसके बाद एक्शन ले लिया जाएगा।
स्टेशन पर चूहों से निपटने के लिए चलाई गई मुहिम
लुधियाना| गिल फ्लाईओवर को चूहों के नुकसान पहुंचाने के बाद रेलवे ने भी स्टेशन पर चूहों से निपटने के लिए मुहिम चलाई। स्टेशन के प्लेटफार्मों, ट्रैक, माल गोदाम और दफ्तरों में चूहों की बिलों में पीएयू की ओर से दी गई ट्रेनिंग से तैयार किया मिश्रण का पैकेट बिलों में रखा गया। कार्रवाई चीफ हेल्थ इंस्पेक्टर (सीएचआई) मनोज कुमार की अगुवाई में हुई।
सीएचआई मनोज कुमार ने बताया कि इस बार चूहों से निपटने के लिए मिश्रण बदला गया है। इसे खाते ही एक-दो दिन में चूहे खत्म होना शुरू हो जाएंगे। उनके संपर्क में आए दूसरे चूहे भी खत्म हो जाएंगे। इस बार ब्रोमोडियालोन 20 ग्राम, गेहूं की दाने एक किलो, रिफाइंड ऑयल 20 मिलीलीटर और चीनी पाउडर 20 ग्राम को मिक्स करके 20 किलोग्राम का मिश्रण बनाया गया था। इसके छोटे-छोटे पैकेट बनाकर चूहों की बिलों में रखे गए हैं, जिन्हें चूहे खाएंगे और खत्म हो जाएंगे।