लुधियाना| शहर के भीतर बने बस स्टैंड को बाहर शिफ्ट करने के लिए डीसी ने पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर मंजूरी मांगी है। डीसी प्रदीप अग्रवाल ने लेटर में बताया कि 13 मई को गिल चौक फ्लाईओवर की रिटेनिंग वॉल के कुछ पैनल निकलने की वजह से ट्रैफिक सिस्टम डिस्टर्ब हो गया है। इस वजह से सारा ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। फ्लाईओवर के नजदीक बस स्टैंड होने की वजह से ज्यादा समस्या आ रही है। इसलिए मेन बस स्टैंड को टेंपरेरी तौर पर दाना मंडी जालंधर बाईपास में शिफ्ट किया जाए, ताकि इसे रिपेयर किया जा सके। डीसी ने इस काम के लिए सीपी डॉ. सुखचैन गिल की सिफारिश मांगी है, ताकि आगे कार्रवाई की जा सके। बता दें कि गिल फ्लाईओवर के बंद होने से पूरे शहर में जाम के हालात बन चुके हैं। अगर बस स्टैंड बाहर शिफ्ट हो जाता है तो काफी बसें शहर से बाहर बाहर के रास्ते ही चली जाएंगी। इस बारे में रोडवेज के अफसरों से भी मीटिंग हो चुकी है, लेकिन वह बस स्टैंड शिफ्ट करने के लिए राजी नहीं हुए। अब डीसी ने सीपी के साथ मिलकर पब्लिक को सहूलियत देने के लिए यह स्कीम बनाई है। चूंकि सीपी के पास मजिस्ट्रेट की पावर है, इसलिए यह काम आसानी से किया जा सकता है।