शारू स्टील में झुलसे युवक की मौत
लुधियाना| फोकल पॉइंट में स्थित शारू स्टील में गर्म लोहे की सिल्ली गिरने से झुलसे युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मरने वाला ढंडारी कलां का रहने वाला रणजीत सिंह था। थाना फोकल पॉइंट के एएसआई मलकीत सिंह ने सोमवार को सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा लाश वारिसों को सौंप दी। गौर हो कि थाना फोकल पॉइंट पुलिस ने मरने से पहले रणजीत सिंह के बयान पर शारू स्टील प्राइवेट कंपनी के प्रबंधक व ठेकेदार बंगाली के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस को दिए बयान में रणजीत सिंह ने बताया था कि वह शालू स्टील प्राइवेट कंपनी में करीब 6 साल से काम कर रहा था। 14 अप्रैल को वह गर्म लोहे को क्रेन से बाल्टी में डाल रहे थे। जिस कारण गर्म लोहा गिर गया और उसके शरीर पर पड़ गया। गर्म लोहा गिरने से वह बुरी तरह से झुलस गया। उसने आरोप लगाया कि उक्त हादसा फैक्टरी प्रबंधक व ठेकेदार की लापरवाही के कारण हुआ है। क्योंकि वह काफी समय से क्रेन को ठीक कराने के लिए कह रहा था। लेकिन हर बार उक्त लोग उनकी बात को टाल देते थे।