पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

लोगों ने न केवल समस

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रामेश्वर नगर में बूंद-बूंद के लिए संघर्ष, क्षेत्रवासियों ने तड़के 4 बजे एईएन को बुलाया, 3 घंटे गलियों में घुमाया, अफसरों को तभी छोड़ा जब पानी आया


लोगों ने न केवल समस्या बताई बल्कि तीन घंटे तक हर घर ले जाकर बताई हकीकत। अफसर नहीं माने तो उनके दावों की हकीकत बताई। लोगों ने खाली बर्तन बताए, जो सप्लाई नहीं आने से खाली ही रहे।

पहली रिपोर्ट : रामेश्वर नगर सी-डी क्षेत्र से

पानी ने छीना रातों का चैन, क्षेत्रवासियों का अनूठा जल सत्याग्रह

कई रातों से जागकर पानी आने की बाट जोहते रामेश्वर नगर सी व डी सेक्टर के लोगों को जब पानी नहीं मिला तो उन्होंने बजाय धरना-प्रदर्शन, रास्ता रोकने या मटकियां फोड़ने के अलग राह अपनाई। मंगलवार आधी रात से बुधवार तड़के 4 बजे तक भी पानी नहीं आया तो एक-एक कर लोग घरों से जुटना शुरू हुए। अधिकांश घरों में लोग पानी के लिए जाग ही रहे थे। कुछ लोग पानी की टंकी के पास सप्लाई वाल्व की ओर रवाना हुए तो गली-गली से आदमी-औरत सब पीछे शामिल हो गए। मुंह अंधेरे सैकड़ों लोगों ने वहां पहुंचकर सप्लाई खोलने वाले नारायणसिंह व विमलेश पुरोहित को मौके पर बुलाया। दोनों ने आते ही हमेशा की तरह पीछे से सप्लाई नहीं होने की बात की तो एकबारगी लोग नाराज हुए। उन्होंने एईएन मनोज माथुर को समस्या जानने को मौके पर बुलाया। एईएन की टालमटोल के बाद जब लोगों ने उन्हें चेतावनी दी कि वे उनके घर पर आ रहे हैं, तब वे आने को माने।

पानी आने का समय नहीं, 20 मिनट से ज्यादा आता नहीं

पौन घंटे बाद एईएन पहुंचे तो क्षेत्रवासियों ने उन्हें जमकर खरी-खरी सुनाई। बजरंग सैन, विशाल मेहता, मैथ्यू, एसपी सक्सेना, पुष्पा पालीवाल, उमा राठौड़, रेखा मोरड़िया, सरिता देवी, उम्मेदसिंह व हिम्मतसिंह आदि ने कहा, कि इन सेक्टर में पहले से ही जलापूर्ति का कोई समय नहीं हैं। आधी रात 12 बजे से लेकर सुबह 7 बजे तक या दिन में जब मर्जी तब चंद मिनटों की सप्लाई दे देते हैं। लोग रातभर जागकर सप्लाई ही चैक करते रहते हैं। उसके बाद भी पानी आया तो भी 15-20 मिनट से ज्यादा कभी नहीं। लोगों को हर चौथे-पांचवे दिन 500 रु. का टैंकर मंगवाना पड़ता है। कई बार जेईएन माथुर व एक्सईएन राजेश अग्रवाल को बताने, शिकायतें देने के बाद भी न तो कभी समस्या का समाधान किया और न ही कभी अवैध कनेक्शनों पर कार्रवाई की। जबकि लाइनमैन नारायणसिंह कई क्षेत्रों व कॉलोनियों में फोन करके उन्हें सप्लाई दे देते हैं। लोगों ने जब सप्लाई वाल्व चेक किया तो एईएन के सामने ही उससे जुड़ा एक अवैध कनेक्शन मिला। लोगों ने अपने हिस्से का पानी काटकर टैंकर और कैंपर वालों को सप्लाई का भी आरोप लगाया।

3 किमी घुमाकर घरों के सूखे टांके व बर्तन दिखाए

एईएन ने जब यह बातें मानने से इनकार किया तो क्षेत्रवासी उन्हें लेकर दर्जनों घरों में गए और उन्हें पानी के सूखे पड़े टांके और पीने के पानी के खाली पड़े बर्तन दिखाए। तीन किलोमीटर क्षेत्र में जिस भी गली से लोग गुजरे तो घरों से बाहर निकलकर क्षेत्रवासियों ने खुलकर पीड़ा बताईं। लोग उन्हें ऐसे एरिया में भी लेकर गए जहां पानी की निर्बाध सप्लाई हो रही थी और लोग सड़कों को धो रहे थे। जेईएन ने अपने अफसरों से बात करने और आगे से सप्लाई सही करवाने का रटा-रटाया जवाब दिया तो लोग पानी नहीं आने तक उन्हें नहीं जाने देने पर अड़ गए। जेईएन ने संसाधन व पैसों की कमी बताई तो लोगों ने खुद चंदा एकत्र कर देने को कहा।

एक्सईएन, सरपंच भी आए, कैंपर वालों की चैकिंग पर अड़े लोग

सूचना मिलने पर कुड़ी सरपंच देवीसिंह भी आए। लोगों का हंगामा बढ़ता देखकर एक्सईएन राजेश अग्रवाल भी मौके पर पहुंचे। लोगों ने एक्सईएन को भी खूब खरी-खरी सुनाई। लोगों ने कहा कि क्षेत्र में ही भाजपा नेता देवाराम कुड़िया के घर कैंपर के पानी का काम है। इस किल्लत में भी उनके यहां पानी कैसे आता है। लोगों ने वहां पानी की चेकिंग करने का दबाव भी डाला। इसके बावजूद भी कुछ नहीं हुआ। बाद में एक्सईएन ने लोगों से 7 दिन में सप्लाई सुधारने का वादा किया। सरपंच देवीसिंह ने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो वे नई लाइन के लिए पूरी मदद करेंगे।

रिपोर्ट | वीरेंद्रसिंह चौहान व रविंद्र शर्मा

मई की भीषण गर्मी में पानी की समस्या को लेकर शहर के तीन क्षेत्रों की हकीकत बयां करती रिपोर्ट

कई रातों को जागकर पानी का इंतजार करते रामेश्वर नगर सी व डी सेक्टर के लोगों ने अपना तरीका निकाला, एईएन को घर पर आने की चेतावनी दी

एक्सईएन राजेश अग्रवाल से सीधी बात

Q. रामेश्वर नगर में क्या दिक्कत है, कितने एरिया में समस्या है?

A. टेल एंड में पानी नहीं पहुंच रहा। कुछ पॉकेट्स में दिक्कत है। कई कॉलोनियां हैं।

Q. आपने क्या प्रयास किए?

A. सुधार के लिए प्रयास कर रहे हैं। टाइम लग जाता है। जैसे-जैसे प्रॉब्लम आती है, वैसे करते हैं।

Q. आपके पास इस एरिया से कभी शिकायत आई या नहीं?

A. फोन आते हैं समस्या के। सुधार करेंगे।

Q. सप्लाई का समय बताइए?

A. पानी सुबह 4:30 से 6:30 बजे तक आता है।

Q. कभी लोगों से फीडबैक लिया, उसके अनुरूप कुछ किया?

A. हां, वहां पानी नहीं मिल रहा ये फीडबैक है। लाइन चैक करवा रहे हैं। लाइन कहीं चॉकिंग है।

Q. अब आगे क्या करेंगे, ताकि लोग पानी को नहीं तरसें?

A. आगे देखेंगे तो पता चलेगा कि क्या होगा। ट्रैस करने में 10 दिन तक लग जाते हैं, ये तो प्रॉसेस है।

एईएन मनोज माथुर से बातचीत

Q. सॉल्यूशन के लिए क्या किया?

A. लंबी सप्लाई देंगे। आप बताओ क्या करें। सब जगह अंतिम छोर की समस्या आ रही है।

Q. बाकी जगह पानी आ रहा है?

A. वहां लाइनें अलग जुड़ी हुई हैं। सुधार करेंगे।

Q. सप्लाई का टाइम क्या है?

A. 4:30 से 6 बजे तक।

Q. आगे क्या करेंगे?

A. सप्लाई बढ़ानी पड़ेगी। आगे से लंबा पानी देंगे। हमने आज भी पानी दिया तो था।

Q. उसी कॉलोनी के कई मकानों में पानी कैसे आ जाता है?

A. वो तो लीकेज का पानी है। लाइन लोड करते वक्त पानी छोड़ते हैं।

Q. अवैध कनेक्शन का क्या करेंगे?

A. वॉल के पास जो है उसे देख लेंगे।

अफसरों ने रटा-रटाया जवाब दिया-आगे से सप्लाई नहीं, लोग नहीं माने तो बोले-संसाधनों की कमी है, सबने कहा-हम चंदा देने को तैयार, आप काम कराओ

दूसरी रिपोर्ट झालामंड क्षेत्र से : हाईवे को दोपहर एक घंटे जाम रखा और मटकियां फोड़ अपने गुस्से का इजहार किया

झालामंड ग्राम पंचायत समिति के ग्रामीणों ने बुधवार को झालामंड स्थित हाईवे को दोपहर तीन बजे एक घंटे तक जाम रखा और मटकियां फोड़ अपने गुस्से का इजहार किया। मौके पर पुलिस, पीएचईडी के अधिकारी आए, लेकिन पब्लिक आश्वासन नहीं, पानी मांग रही थी। मौके पर सरपंच कानाराम व वार्ड पंच राजेश कुमार आए तो लूणी एईएन अशोक मीणा व जेईएन बैरवा भी पहुंचे। पब्लिक ने उन्हें घेरा तो जेईएन बैरवा ने कहा कि रणसी गांव से आने वाली यह लाइन फिटकासनी तक चलती है अौर कुड़ी हौद से इस लाइन को लोड करने में ही एक लाख लीटर पानी चला जाता है। ऐसे में पब्लिक को पानी सप्लाई करना मुश्किल हो जाता है। फिर भी विभाग इस कोशिश में जुटा है। दरअसल, इस ग्राम पंचायत में सप्ताह में एक दिन मंगलवार को पेयजल आपूर्ति होती है। इसी से परेशान पब्लिक ने हाईवे जाम किया।

तीसरी रिपोर्ट गुलिस्तां कॉलोनी से : एईएन का घेराव, लोग बाेले-महीने में तीन हजार टैंकर पर खर्च करें तो बिल क्यों भरें ?

पाल बालाजी स्थित भादू मार्केट के पीछे गुलिस्तां कॉलोनी के लोगों ने बुधवार को पाल एईएन अजयसिंह चौधरी का घेराव कर लिया। लोगों ने कहा बिजली बिल से भी अधिक पानी मंगवाने का खर्च कर रहे हैं। लोगों का कहना था कि जब पानी ही नहीं भेज रहे हैं ताे बिल का भुगतान किस बात का? जब महीने के तीन हजार रुपए के टैंकर मंगवाकर पीने का पानी मंगवाया जा रहा है तो फिर पीएचईडी क्यों बिल भेज रहा है और बिल की राशि लेनी है तो पानी भी सप्लाई करे। इस पर एईएन चौधरी ने जेईएन को मौके पर भेज जल्द इस समस्या को दूर करने का भरोसा दिया।

अफसर आए तो सप्लाई वाल्व से ही जुड़ा मिला अवैध कनेक्शन, 4 घंटे के हाई वोल्टेज ड्रामा में एक्सईएन व सरपंच भी आए, अफसरों को तभी छोड़ा जब पानी आया

यह दृश्य तड़के चार बजे का है। पानी की सप्लाई की समस्या को बताने महिलाओं ने जलदाय विभाग के अफसरों को बताई सच्चाई, लोगों ने उन्हें तब तक नहीं छोड़ा जब तक नलों में पानी नहीं आया।

खबरें और भी हैं...