भास्कर संवाददाता| मधुसूदनगढ़
आज दिन शुक्रवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मधुसूदनगढ़ में स्वास्थ्य विभाग और महिला बाल विकास विभाग की संयुक्त बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का आयोजन खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश शर्मा के मार्गदर्शन में हुई। जिसमें आयुष्मान भारत अभियान के तहत क्षेत्र में सर्वे के लिए आंगनवाड़ी सुपरवाइजर को निर्देशित किया गया।
सर्वे कार्य के लिए कार्यकर्ताओं को नीति आयोग तहत दोनों विभागों की रिपोर्टिंग में समरूपता लाने के लिए एक साथ मिलकर कार्य करने के निर्देश दिए। जिससे सर्वे कार्य में समरूपता बनी रही। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षा योजना के तहत प्रत्येक गर्भवती महिलाओं के पंजीयन प्रथम तीन माहों में किए जाकर एमसीपी कार्ड उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया गया। प्रसूति सहायता योजना की जानकारी देते हुए होने वाले पंजीयनों को आरसीएच पोर्टल में दर्ज करवाने के निर्देश दिए। बैठक में बीईई रघुवीर सिंह ने सभी आंगनबाड़ी सुपरवाइजर को निर्देशित किया कि प्रत्येक वीएचडी सेशन पर उपस्थित होकर हितग्राहियों को लाभ दिलवाने में सहयोग करें।
बैठक में गुलाबचंद प्रजापति, रामजीलाल गुर्जर, अनिल शर्मा के साथ-साथ दोनों विभागों के सभी सुपरवाइजर एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।