सहकारी समितियों में खाद-बीज की बिक्री शुरू
मगरलोड | आगामी खरीफ सीजन के लिए सहकारी समितियों में खाद व प्रमाणित बीजों की बिक्री होने लगी है। मगरलोड ब्लॉक के 10 प्राथमिक कृषि साख समितियों में 2247 क्विंटल प्रमाणित बीज और 1888 टन खाद रखा गया है। खाद-बीज की खरीदी के लिए किसानों को ऋण पुस्तिका, समिति की पास बुक, बैंक खाता, आधार कार्ड और दो फोटो लाना अनिवार्य है।
प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति करेली बड़ी के प्रबंधक परमेश्वर निर्मलकर ने बताया कि 1 मई से खाद, बीज की बिक्री शुरू हो चुकी है। 3 सितंबर तक किसान खरीदी कर सकते हैं। 16 मई तक 60 टन खाद और 210 क्विंटल धान बीज की बिक्री यहां हो चुकी है।