बिजली का बिल लेने नहीं आए कर्मचारी तो मोखरा के ग्रामीणों ने किया हंगामा
महम. बिल न भरे जाने बारे रोष जताते हुए मोखरा के ग्रामीण।
महम | मोखरा गांव के ग्रामीण बिजली का बिल भरने के लिए मंगलवार को गांव की चौपाल में एकत्रित हुए। घंटों इंतजार करने के बाद बिजली विभाग के कर्मचारी नहीं आए तो ग्रामीणों में रोष फैल गया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि ऐसा ही चलता रहा तो वह आगे से बिजली का बिल नहीं भरेंगे। ग्रामीणों ने बताया कि हर दो महीने बाद बिजली विभाग के कर्मचारी गांव में बिजली का बिल लेने आते हैं। इस महीने का बिल लेने के लिए विभाग कर्मचारियों को मंगलवार के दिन गांव में आना था। ग्रामीणों को इसकी सूचना भी दी गई थी। ग्रामीण बलराज, धर्मबीर, रामधारी, कुलदीप, जगबीर, राजा, सुनीता, बिमला आदि ने बताया कि वे सुबह 8 बजे से चौपाल में बिजली कर्मचारियों का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन 11 बजने के बाद भी कोई कर्मचारी उनके बिल लेने नहीं आया। गेहूं कटाई का सीजन चल रहा है। वे घर का व अन्य जरुरी काम छोड़कर सुबह से यहां बैठे हैं। ग्रामीणों ने बताया यदि जल्द ही उनके बिल नहीं भरवाए गए तो वे आने वाले समय में बिजली बिल की अदायगी करना बंद कर देंगे।