काठ मंडी से जांगिड़ धर्मशाला तक बनाए गए सीसी रोड के दोनों साइड तैयार किए गए पानी निकासी के नालों को मिट्टी डालकर रोक दिया गया। नाले रोकने की वजह से नाले का पानी रोड पर आ रहा है। इसके अलावा कुछ लोगों ने अपनी हद से आगे बढ़ते हुए रोड की जमीन को दबाकर अवैध कब्जा कर लिया।
मामले की जानकारी मिलने के बाद एसडीएम दलबीर फौगाट नगर पालिका कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने जांच करने के बाद उचित कार्रवाई करने की बात कही। काठ मंडी निवासी बल्ले जांगड़ा व अन्य ने बताया कि रोड की चौड़ाई 33 फीट है। सीएम घोषणा के तहत रोड का निर्माण किया गया है। रोड के दोनों ओर पानी निकासी के नाले हैं। कुछ दूरी तक तो सब सही है लेकिन आगे चलकर एक व्यक्ति ने रोड की जमीन पर अपना कोठरा अवैध रूप से बना लिया। साथ लगते कुछ दुकानदारों ने नालों को मिट्टी से भरकर पानी निकासी रोक दी। मौके पर पहुंचे पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के चेयरमैन रामचंद्र जांगड़ा का कहना है कि एक व्यक्ति ने गलत तरीके से रोड के दोनों तरफ प्लाट व दुकान काटकर जमीन बेची हुई है। पैमाइश करने के बाद रोड की जमीन दबी हुई पाई गई। उन्होंने बताया कि सीएम घोषणा के तहत होने वाले काम में कुछ लोगों ने रुकावट पैदा कर पानी निकासी के नाले को अवरूद्ध कर दिया। इससे सभी मकान मालिकों व दुकानदारों को परेशानी उठानी पड़ रही है। एसडीएम ने बताया कि उन्होंने मौके का दौरा किया है। पैमाइश करवाने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम ने लिया जायजा, पैमाइश करने के बाद उचित कार्रवाई करने की कही बात
महम. मौके पर जाकर मामले की जांच करते एसडीएम।
महम. लोगों द्वारा मिट्टी डालकर रोका गया पानी निकासी का नाला।