महम से सैमाण रोड पर अग्रसेन स्कूल के पास शुक्रवार रात को ओवरटेक करने के चक्कर में दो बाइक सवार आमने-सामने भिड़ गए। हादसे में एक बाइक सवार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मृतक के बेटे सहित चार अन्य घायलों को राहगीरों की मदद से बचाया गया।
राहगीरों ने कपड़े बांधकर पहले तो मौके पर खून रोकने की कोशिश की, फिर घायलों को महम के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर हालत होने के कारण राहगीर ही घायलों को पीजीआई के ट्रामा सेंटर में लेकर पहुंचे। अभी दो घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। बेड़वा गांव निवासी 38 वर्षीय बलवंत की महम के गोहाना मोड पर बाइक शॉकर की दुकान है। वह प्रतिदिन काम खत्म करके बाइक से गांव आते हैं। रात करीब 8 बजे बलवंत अपने बेटे विशाल और पड़ोसी फूलकुमार के साथ बाइक से गांव आ रहा था। बलवंत बाइक चला रहा था। महम से करीब दो किलोमीटर दूर अग्रसेन स्कूल के पास पहुंचा तो सामने चल रहे वाहन को ओवरटेक करने लगा। इसी बीच सामने से आ रहे दो युवकों ने भी वाहन को ओवरटेक करने के चक्कर में बाइक को सड़क के बीच में कर दिया। बाइक की तेज गति होने के कारण बलवंत की बाइक में सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे में बलवंत का सिर सड़क पर जा लगा। उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि बलवंत का बेटा विशाल, फूलकुमार और दूसरी बाइक पर सवार झज्जर के गांव बादली निवासी हंसराज और संजय गंभीर रूप से घायल हो गए।
राेहतक. महम रोड पर हादसे में घायल युवक को कपड़ा बांधते राहगीर।
पिकअप चालक ने घायलों
को अस्पताल पहुंचाया
सड़क हादसा होते ही मौके पर राहगीरों की भिड़ लग गई। एक पिकअप चालक ने अन्य राहगीरों की मदद से चारों घायलों को महम के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने के कारण यहां से चारों को पीजीआई ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। इसके बाद राहगीर घायलों को ट्रामा सेंटर में लेकर पहुंचे। विशाल के सिर और पैर में चोट लगी है, जबकि संजय, फूलकुमार और हंसराज के पेट व पैरों में चोट लगी हैं। संजय और हंसराज महम के एक भट्ठे पर काम करते हैं। वह रात को ड्यूटी करने के लिए भट्ठे पर आ रहे थे। पुलिस ने बलवंत के शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है। शनिवार को उसका पोस्टमार्टम होने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।