महम | भवन निर्माण कामगार यूनियन (सीटू) के आह्वान पर गांव निंदाना के मजदूरों ने मांगों को लेकर रविवार को श्रम मंत्री का पुतला फूंका। उन्होंने हरियाणा भवन निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में फैल रहे भ्रष्टाचार पर रोक लगाने, ऑनलाइन प्रक्रिया बंद कर ऑफलाइन प्रक्रिया चलाने व सभी 22 सुविधाएं चालू करवाने की मांग की है। यूनियन के जिला प्रधान राम भगत व महम ब्लॉक प्रधान राज सिंह निंदाना ने कहा कि कल्याण बोर्ड के कार्यालयों में तो पंजीकरण व सुविधाओं के फार्म तक उपलब्ध नहीं है। मजदूरों का भला करने की बजाए सरकार मजदूर जागरूकता सम्मेलनों पर कल्याण बोर्ड का पैसा बर्बाद कर रही है। उन्होंने कहा कि मंत्री नायब सिंह सैनी कल्याण बोर्ड के पैसे का अपनी पार्टी के लिए दुरुपयोग कर रहे हैं। सिलाई मशीन बांटने का ढोंग रचा जा रहा है।