रोहतक. गांव इन्द्रगढ़ में इन्द्रगढ़ अप्रोच रोड के सुधारीकरण का शुभारंभ करते मंत्री मनीष ग्रोवर।
भास्कर न्यूज | रोहतक
सहकारिता मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने कांग्रेस पर गांव इन्द्रगढ़ के मतदाताओं को ठगने का आरोप लगाते हुए कहा है कि ग्रामीणों की जुबानी इस बात की गवाही दे रही है कि सत्ता में आने के बाद कांग्रेस के नेताओं ने इस गांव की सुध नहीं ली और वर्षों के बाद यह पहला मौका है, जब कोई मंत्री स्वयं ग्रामीणों की समस्याओं को जानने व उनका निवारण करने के लिए गांव इन्द्रगढ़ पहुंचा है। ग्रोवर शनिवार को गांव इंद्रगढ़ में इन्द्रगढ़ अप्रोच रोड के सुधारीकरण का शुभारंभ करने के बाद उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पूरे देश में कांग्रेस पार्टी अंग्रेजी की वर्णमाला के तीन पी में सिमट कर रह गई है, यानि पंजाब, पुडूचेरी व परिवार। ग्रोवर ने गांव इन्द्रगढ़ के स्कूल में जिम के खेल सामान के लिए पांच लाख रुपए की अनुदान राशि देने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि गांव की तरफ से जो विकास कार्यों की मांग रखी गई है, उसे डी प्लान के तहत अध्ययन करके पूरा करवाया जाएगा। इससे पहले गांव के बुजुर्ग सुरजन सिंह ने सहकारिता मंत्री ग्रोवर को पगड़ी पहनाकर गांव की ओर से उनका स्वागत किया। गांव के युवा सदस्यों ने एक बड़ी माला से मंत्री का स्वागत किया।
इन्द्रगढ़ के सड़क सुधार पर खर्च होंगे 33.18 लाख
महम | सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर ने जेसीबी मशीन पर नारियल तोड़कर इन्द्रगढ़ अप्रोच रोड़ के सुधारीकरण के कार्य का शुभारंभ किया। तारकोल से बनने वाली इस सड़क के सुधारीकरण पर 33.18 लाख रुपए की राशि खर्च की जाएगी। वर्तमान में यह रोड़ 12 फुट का है। सुधारीकरण के तहत इसे चौड़ा करके 18 फुट बनाया जाएगा और साथ ही इसे मजबूती भी प्रदान की जाएगी। लगभग 6 महीने में इस कार्य को पूरा कर लिया जाएगा।