ईवीएम के सत्यापन में गड़बड़ी तो दस्तखत कर जाने को कहा
ईवीएम भंडार कक्ष के सामने विरोध जताते कांग्रेसी एवं जांच के दौरान उपस्थित।
भास्कर न्यूज|महासमुंद
ईवीएम सत्यापन के दौरान त्रुटि सामने आने पर कांग्रेसियों ने जमकर विरोध जताया। मंगलवार को जिला मुख्यालय के निर्वाचन शाखा में इवीएम के सत्यापन के लिए सभी राजनीतिक दलों को आमंत्रित किया गया था। जांच के लिए जो लिस्ट दी गई थी कांग्रेसियों द्वारा उसे चेक कराए जाने पर ईवीएम और उसके क्रमांक में भिन्नता पाई गई। इस बात को लेकर कांग्रेसियों और अफसरों के बीच कहासुनी भी हुई, जिसके बाद और कांग्रेसी पहुंच गए। अफसरों द्वारा मानमनौव्वल के बाद मामला शांत हुआ तो कांग्रेसियों ने 15 दिन का अल्टीमेटम दिया जिसके बाद ईवीएम का सत्यापन किया जाएगा।
बुधवार को जिला मुख्यालय के निर्वाचन शाखा में ईवीएम के सत्यापन के लिए सभी राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों को बुलाया गया। उनके सामने ही ईवीएम गोदाम की सील तोड़कर ताला खोला गया और गोदाम में रखे गये ईवीएम के सत्यापन की प्रक्रिया शुरू की गई।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष आलोक चंद्राकर ने बताया कि सत्यापन की लिये दी गई सूची में लिखा नंबर और ईवीएम मशीन के नंबर दोनों अलग अलग थे। जिससे यह स्पष्ट है कि भाजपा सरकार द्वारा ईवीएम से छेड़छाड़ की जा रही हैं। कांग्रेसियों ने ईवीएम से छेड़छाड़ को ही भाजपा की जीत का कारण बताया। उन्होंनें आगामी चुनाव में बैलेट पेपर से कराने की भी मांग की।