शहर के शीतला तालाब का गहरीकरण किया जाएगा। साथ ही गर्मी को देखते हुए इसमें पानी भरा रहे इसे लेकर कार्य योजना तैयार की जाएगी। इसका निर्णय नगर पालिका परिषद की पीआईसी की बैठक में लिया गया है। नगर के वार्ड 16 में स्थित शीतला तालाब के गहरीकरण के लिए 5 लाख रुपए स्वीकृत किया गया है। कलेक्टर दर से तालाब की साफ-सफाई व गहरीकरण का कार्य किया जाएगा।
दैनिक भास्कर ने पिछले दिनों नगर के 9 तालाबों में केवल 30 फीसदी पानी बचा है, बावजूद इसके इन तालाबों को भरने का कोई प्लान नहीं बनाया गया शीर्षक से खबर इस संबंध में खबर का प्रकाशन किया था। जिसके बाद पालिका प्रशासन ने इसे संज्ञान में लिया।
बैठक में इन कार्यों पर भी बनी सहमति : बैठक में 1.50 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले पंडित दीनदयाल उपाध्याय सर्व मंगल भवन निर्माण कार्य का प्रस्ताव भेजने के संबंध में चर्चा की गई। इसके अलावा बजट वर्ष 2018-19 की स्वीकृति के संबंध में, फिल्टर प्लांट बेलसोंडा में वाटर टैंक भरने पाइप बिछाने प्राप्त निविदा दर की स्वीकृति पर विचार, पानी टैंकरों की ढोलकी बदलने प्राप्त ई-निविदा दर की स्वीकृति पर निर्णय, फिल्टर प्लांट के लिए एलम, ब्लीचिंग, सोडियम आदि पोर्टल से क्रय करने, भूमि, भवन नामातंरण प्रकरण, जाति एवं निवास के लिए प्राप्त प्रकरण पर प्रस्ताव पारित के लिए विचार एवं निर्णय, विभिन्न निर्माण कार्यो के लिए प्राप्त निविदा दरों की स्वीकृति के संबंध में विचार एवं निर्णय, आयकर विभाग के कार्यालय एवं आवास के लिए आवंटन के लिए नगर पालिका अनापत्ति प्रमाण पत्र के संबंध में विचार एवं निर्णय कर सर्वसम्मति से सभी प्रस्ताव को स्वीकृत किया गया।
गुडरूपारा स्थित तालाब भी सूखे हुए है।