जल आवर्धन योजना से आने वाले दिनों में तुमगांव वासियों को पेजयल समस्या से मुक्ति मिलेगी। जल्द ही नगर पंचायत तुमगांव में गाड़ाघाट एनीकट के पानी काे फिल्टर कर सप्लाई की जाएगी। गाड़ाघाट में इंटकवेल का निर्माण हो रहा है, जबकि तुमगांव के सांप डेरा के पास फिल्टर प्लांट का निर्माण किया जा रहा है।
गर्मी के दिनों में तुमगांव नगर पंचायत में पेयजल की किल्लत बनी रहती है। इसी को ध्यान में रखकर यहां के लिए जल आवर्धन योजना बनाई गई है। गर्मी के दिनों में यहां का जलस्तर काफी नीचे चला जाता है। इसलिए गर्मी के दिनों में पानी की समस्या रहती है। फिलहाल वार्डों में पानी टैंकरों के माध्यम से पानी की सप्लाई की जा रही है। इधर जल प्रदाय योजना के तहत गाड़ाघाट एनीकट में इंटकवेल का निर्माण किया जा रहा है। खुदाई के दौरान हार्ड पत्थर होने की वजह से निर्माण देरी की बात बताई जा रही है।
पांच टैंकरों से जलापूर्ति : नगर पंचायत तुमगांव की अध्यक्ष मीना सुनील शर्मा ने बताया कि गर्मी के दिनों में पेयजल की दिक्कतें आती हैं। इसी के चलते जल प्रदाय योजना की स्वीकृति मिली है। इसके लिए काम भी चालू हो गया है। उन्होंने बताया कि योजना के मूर्त रूप लेने के बाद पेयजल की किल्लत से मुक्ति मिल सकेगी। उन्होंने बताया कि अभी वार्डों में पांच पानी टैंकरों के माध्यम से पानी की सप्लाई की जा रही है।
महासमुंद. गाड़ाघाट एनीकट में इंटकवेल का निर्माण किया जा रहा है।
तुमगांव तक पाइपलाइन
गाड़ाघाट एनीकट से सांप डेरा तुमगांव तक पाइप लाइन बिछाई जाएगी। इसके लिए इसी महीने टेंडर जारी किया गया है। जबकि इंटकवेल व फिल्टर प्लांट के लिए निर्माण कार्य जारी है। विभागीय अफसरों के मुताबिक गाड़ाघाट एनीकट के पास बन रहे इंटकवेल से पानी पाइप लाइन के माध्यम से फिल्टर प्लांट तक पहुंचेगा। जहां से पानी फिल्टर होने के बाद ओवर हेड टंकी में चढ़ेगा। बाद इसके पानी की सप्लाई होगी।