तीन दिन से चल रही लू के कारण रविवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री पर पहुंच गया। यह सीजन का सबसे ज्यादा तापमान है। भट्टी जैसे तप रहे शहर में गर्म हवा बेचैनी बढ़ा रही है। मौसमी तेवर को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है। रविवार अधिकतम तापमान औसत से 7 डिग्री ज्यादा था। तेज गर्मी के कारण सुबह से 8 बजे से ही लोग पसीना पसीना होने लगे थे। सुबह 11 बजे से ही गर्म हवा के थपेड़ों ने शहर का भट्टी जैसा तपाना शुरू कर दिया। इसमें शाम तक राहत नहीं मिली।
मौसम वैज्ञानिक आर के शर्मा ने बताया कि उत्तर पश्चिम राजस्थान की ओर से हवाएं चल रही है। तेज धूप सीधे जमीन पर पड़ रही है। हमारा इलाका कहीं पथरीली और कहीं काली मिट्टी वाला है। एक सप्ताह पूर्व दक्षिणी हवा होने और अरब सागर की भाप से वैक्यूम की स्थिति बनी थी, जिससे बारिश हुई थी। तेज गर्मी से मानसून की प्री एक्टिविटी मई के अाखिरी सप्ताह तक शुरू हाे सकती है।
लू का यह होता है असर
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन आरके परदल ने बताया कि भीषण गर्मी में धूप में निकलने पर लू की आशंका रहती है। नाक से खून निकलना, पेशाब में जलन, सिरदर्द चक्कर, उल्टी दस्त, बेहोशी होने पर डाक्टर को दिखाकर सलाह अनुसार दवा लें।
उन्होंने बताया कि लू से बचने के लिए ठंडे स्थान पर रहें। शरीर को ठंडे कपड़े से पोछें। सिर पर सामान्य तापमान का पानी रखे। ओआरएस, ग्लूकोज का घोल, नींबू पानी, कैरी का पान सेवन करें।
तापमान सामान्य से अधिक है। मौसम विभाग ने हाई अलर्ट घोषित किया है। ऐसे में दोपहर में घरों से निकलने से बचें। जरूरी होने पर शरीर का ढंककर रखे।
तापमान
दिन अधि.
10 मई 41
11 मई 40
12 मई 39
13 मई 42
14 मई 42
15 मई 40
16 मई 41
17 मई 42
18 मई 42
19 मई 43
20 मई 44