सिरपुर के पासिद कैंप में मौजूद कुमकी हाथी को भगाने के लिए निर्दलीय विधायक डॉ विमल चोपड़ा आज ग्रामीणों के साथ मिलकर आंदोलन करेंगे। शाम 4 बजे हाथियों को भगाने के लिए कैंप के पास पटाखे फोड़े जाएंगे। सोमवार को पुराना रेस्ट हाउस में आयोजित पत्रकारवार्ता में विधायक डॉ चोपड़ा ने कहा कि वन विभाग में भ्रष्टाचार चरम पर है। कुमकी हाथी पिछले पांच महीने से अधिकारियों के लिए लाभ का सौदा बने हुए हैं। ये काले हाथी न होकर सफेद हाथी साबित हो रहे हैं, जिन पर अब तक लाखों रुपए खर्च किए जा चुके हैं। बावजूद इसके जंगली हाथियों का आतंक बरकरार है। यही कारण है कि अब कुमकी हाथियों को भी यहां से भगाया जाएगा।
अंबिकापुर में बगैर कुमकी हाथी से लगाया गया रेडियो कॉलर: विधायक ने वन विभाग के अफसरों पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया। विधायक ने कहा कि अंबिकापुर में हाल ही में बगैर कुमकी हाथी के वन अमले ने एक हाथी पर रेडियो कॉलर लगाया, जो सफल हुआ। ऐसे में यहां कुमकी हाथियों की क्या आवश्यकता है, ये समझ से परे है।
25 को धरना प्रदर्शन, 28 को कलेक्टोरेट का घेराव : विधायक डॉ चोपड़ा ने कहा कि फसल बीमा के नाम पर किसानों को छलने व बारनयापारा के विस्थापित गांवों की ओर कोई ध्यान नहीं दिए जाने के विरोध में 25 मई को जिला मुख्यालय में धरना प्रदर्शन कर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा। साथ ही 28 मई को कलेक्टोरेट का घेराव किया जाएगा।
महासमुंद. पत्रकारवार्ता में आंदोलन के बारे में जानकारी देते विधायक व अन्य।