तीन दिन बाद भी लाश की शिनाख्त नहीं
महासमुंद| गाड़ाघाट के जंगल में फांसी के फंदे पर मिली युवक की लाश की 3 दिन बाद भी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि मृतक के पास से मिले मोबाइल के आईएमईआई नंबर का एड्रेस मिल गया है जिसमें महासमुंद का पता बताया गया है। बताए गए पते के आधार पर शिनाख्ति के प्रयास किए जाएंगे। रविवार की सुबह गाड़ाघाट जंगल की ओर गए लोगों ने पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटकती लाश देखी थी। मौके से शराब की खाली शीशी के साथ ही मोबाइल बरामद किया गया।
प्रभारी मंत्री बघेल आज सरायपाली आएंगे
महासमुंद| जिले के प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल बुधवार को जिले के प्रवास पर रहेंगे। प्रभारी मंत्री दोपहर 1 बजे सरायपाली में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इसके बाद वे शाम 4 बजे रायपुर के लिए रवाना होंगे।
रोजगार कार्यालय में प्लेसमेंट कैंप कल
महासमुंद| जिला रोजगार एवं मार्गदर्शन केन्द्र, महासमुंद में 17 मई को विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया जाएगा। जिसमें गुरुवार को नियोजक मंग्नूम ग्रुप से कस्टमर केयर एग्जिक्यूटिव पद पर फुलटाइम और पार्टटाइम के 50 पदों पर भर्ती की जानी है। इसके लिए न्यूनतम योग्यता 12वीं उत्तीर्ण और छत्तीसगढ़ी भाषा का ज्ञान है।
पीलिया से बचने लोगों को किया जा रहा जागरूक
सराईपाली| नगरीय प्रशासन व विकास विभाग रायपुर गर्मी में लोगों को पीलिया को लेकर जागरूकता अभियान चला रहा है। नगरपालिका सराईपाली ने भी संक्रामक रोग जलजनित बीमारियों से बचने के लिए दूषित पानी और वातावरण से बचने कहा है। सहायक परियोजना अधिकारी कृपाराम चौधरी ने बताया कि साथ ही संक्रमित भोजन, सड़े-गले फल का उपयोग नहीं करने, पानी उबालकर पीने, शौच के बाद साबुन से हाथ धोने अपने आस-पास की सफाई करने लोगों को जागरूक किया।