बस में हुआ प्रसव, अस्पताल के रास्ते में हुई शिशु की मौत
चलती बस में एक बच्चे के प्रसव का मामला सामने आया है। प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां बच्चे की मौत हो गई, जबकि मां अस्पताल में भर्ती है और उसके हालत में सुधार है। मामला सराईपाली क्षेत्र का है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को शाम 7 बजे सराईपाली क्षेत्र निवासी लीना चौहान, पति दिनेश चौहान सांकरा जा रही थी, तभी चलती बस में उसे प्रसव पीड़ा होने लगी। बस में बैठी महिलाओं ने उसे संभाला और बस में ही किसी तरह प्रसव कराया। इसके बाद बस चालक ने जच्चा-बच्चा दोनों को सांकरा अस्पताल पहुंचा, जहां दोनों के नाजुक हालत को देख महासमुंद रेफर कर दिया गया। लेकिन महासमुंद पहुंचते तक बच्चे की मौत हो गई। जिला चिकित्सालय के सीएस डॉ आरके परदल ने बताया कि अस्पताल आने से पहले ही बच्चे की मौत हो गई थी। बच्चा प्री मेच्योर था, वहीं मां का इलाज अस्पताल में जारी है।