पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • जिसके पास टीकाकरण का है काम वो तहसील में बांट रहे नक्शा खसरा

जिसके पास टीकाकरण का है काम वो तहसील में बांट रहे नक्शा-खसरा

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
गांव-गांव जाकर बच्चों को टीकाकरण और स्वास्थ्य की जांच करने वाला कर्मचारी पिछले तीन साल से तहसील कार्यालय में बैठकर नक्शा, खसरा और बी-1 बांट रहा है। स्वास्थ्य विभाग का यह कर्मचारी किसके आदेश से तहसील कार्यालय में पदस्थ है, यह जानकारी भी विभाग के पास नहीं है। जबकि विभाग की ओर से हर महीने संबंधित कर्मचारी को वेतन जारी किया जा रहा है। अब इस पूरे मामले की शिकायत कलेक्टर से की गई है। मामला तहसील कार्यालय पिथौरा का है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा में पदस्थ ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक बिपिन बिहारी प्रधान पिछले तीन साल से तहसील कार्यालय में कानूनगो का काम देख रहा है। बिपिन बिहारी कब से और किस आदेश के तहत तहसील कार्यालय में अपनी सेवाएं दे रहा है, यह जानकारी स्वास्थ्य विभाग को भी नहीं है। जब पिथौरा बीएमओ डॉ तारा अग्रवाल से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मेरे यहां आने से पहले ही बिपिन बिहारी तहसील कार्यालय में काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक को मूल विभाग में बुलाने सीएमएचओ कार्यालय को पत्र भेजेंगे।

मार्च 2015 में आने का दावा,जबकि 8 फरवरी 2014 से संलग्न: ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक तहसील कार्यालय में कब से सेवाएं दे रहा है, यह तहसीलदार को भी पता नहीं है। तहसील कार्यालय पिथौरा से बीएमओ कार्यालय को पहली जानकारी 18/07/2016 को भेजी गई, जिसमें बिपिन बिहारी द्वारा मार्च 2015 से सहायक कानूनगो संबंधी कार्य करने के बारे में जानकारी दी गई। इसी प्रकार 26/04/2018 को दोबारा भेजी गई जानकारी में तहसीलदार ने बताया कि बिपिन प्रधान को 2 फरवरी 2015 से निर्वाचन संबंधी कार्य के लिए संलग्न बताया। जबकि हकीकत ये है कि बिपिन बिहारी प्रधान 8 फरवरी 2014 से निर्वाचन शाखा, पिथाैरा में संलग्न है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के दैनिक उपस्थिति पंजी में इसका जिक्र है।

स्वास्थ्य संयोजक और कानूनगो के काम में अंतर

ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक

ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक का मूल काम ग्रामीण क्षेत्रों में टीकाकरण, मलेरिया, कुष्ठ, टीबी, कुपोषण, अंधत्व की जांच करना। साथ ही क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराना होता है।

तहसील कानूनगो

कानूनगो तहसील में पदस्थ होते हैं, जो उक्त क्षेत्र का नक्शा, खसरा, बी-1, बी-2 सहित अन्य दस्तावेज लोगों को उपलब्ध कराने का काम करते हैं। राजस्व संबंधी मामले देखते हैं।

सीधी बात

वन सिंह नेताम, तहसीलदार पिथौरा

कानूनगो, नाजीर की कमी, इसलिए अटैच

आपके कार्यालय में ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक कानूनगो का काम देख रहा है?

- हां, राजस्व कार्यालयों में कानूनगो, नाजीर की कमी है, जिसके चलते उसे रखा गया है।

लेकिन, इनकी जिम्मेदारी तो स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की है, जो प्रभावित हो रही है?

- सभी तहसीलों में स्टॉफ की कमी है, जिसके चलते ऐसा करना पड़ रहा है।

तहसील कार्यालय के काम के लिए राजस्व कार्यालय या अन्य किसी विभाग के बाबू काे अटैच करा लेते?

- अनुभव के चलते ऐसा निर्णय लिया गया है।

खबरें और भी हैं...