बीबीएम डिवीजन कमेटी के दो इनामी नक्सली ढेर
महासमुंद/ कांटाबांजी ओडिशा| बलांगीर जिले के बेलपाड़ा थाना क्षेत्र के डुडुकामाल गांव में हुए मुठभेड़ में पुलिस ने 5 नक्सलियों को मार गिराया है। मारे गए नक्सली में से संजीव और राकेश दोनों डीवीसी मेंबर थे, जो बरगढ़, बलांगी, महासमुंद (बीबीएम) कमेटी के प्रमुख थे। ये दोनों छत्तीसगढ़ के निवासी थे और इन पर 5-5 लाख रुपए का इनाम भी था। शनिवार की शाम बलांगीर पुलिस को बेलपाड़ा थाना क्षेत्र के डुडुकामाल गांव में नक्सलियों के जमा होने की सूचना मिली। पुलिस की टीम जैसे ही मौके पर पहुंची नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। करीब आधे घंटे चली मुठभेड़ के बाद नक्सलियों की ओर से फायरिंग बंद हो गई। कुछ देर रूककर जब पुलिस आगे बढ़ी तो एक के बाद एक 5 नक्सलियों का शव पड़ा था।
एके-47 के साथ इंसास व जिंदा कारतूस बरामद
आईजी सत्यव्रत भोई और एसपी बलांगीर के शिवा सुब्रमणि ने बताया कि मौके से 5 नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। इसमें से दो की पहचान बीबीएम डीवीसी मेंबर के रूप में हुई है। मौके से 1 एके47, इंसास, 27 राउंड गोली, 1 दिशा सूचक यंत्र, छुरी, दवाइयां, पाकेट डायरी सहित नित्यकर्म के सामान बरामद किए गए हैं।