पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • हाथियों के उत्पात से त्रस्त 42 गांवों के किसान आज लहंगर में करेंगे सभा

हाथियों के उत्पात से त्रस्त 42 गांवों के किसान आज लहंगर में करेंगे सभा

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सिरपुर क्षेत्र में हाथियों से प्रभावित 42 गांव के किसान आज एकजुट होंगे। इसके लिए लहंगर गांव में बैठक बुलाई गई है। किसान इस बात से खासे नाराज हैं कि लगातार जानकारी होने के बाद भी प्रशासन की ओर से इस समस्या के हल के लिए ठोस पहल नहीं की जा रही है। बैठक में ग्रामीणों ने भाजपा जिलाध्यक्ष और जिले के फाॅरेस्ट अमले के प्रमुख डीएफओ को भी बैठक में शामिल होने आमंत्रित किया है।

“हाथी भगाओ, फसल बचाओ” समिति के संयोजक राधेलाल सिन्हा ने बताया कि शासन को 42 गांव के प्रभावित किसानों ने प्रशासन को अपनी 12 मांग बताई थी, लेकिन आज तक इनका समाधान नहीं हो सका। मांगों में प्रमुख रूप से हाथियों के कारण नष्ट होने वाली फसल व जनहानि का मुआवजा बढ़ाए जाने की मांग शामिल है। किसानों ने मंगलवार को दोपहर बाद 3 बजे ग्राम लहंगर में बैठक बुलाई है। 42 गांव के प्रभावित किसान बैठक में सत्ता पक्ष के नेता और अफसर से अपनी बात रख मुख्यमंत्री से त्वरित निराकरण की मांग करेंगे। सिन्हा ने बताया कि हाथियों की वजह से वे पिछले दो साल से परेशानियों का सामना कर रहे हैं, बावजूद प्रशासन द्वारा अब तक हाथियों को खदेड़ने की कोई ठोस पहल नहीं की गई।

फिर लौटा हाथियों का आतंक

पिछले कई दिनों से एक बार फिर क्षेत्र के ग्रामीण हाथियों को उत्पात से परेशान हैं। हाथियों ने मोहकम, मालीडीह, चुहरी, सेनकपाट में खड़ी फसल को क्षति पहुंचाई। दहशत के चलते परसाडीह, गुडरूडीह सहित करीब 10-12 गांव के किसान रबी फसल नहीं ले सके हैं।

खबरें और भी हैं...