एलपीजी तिहार 20 को, इस साल बांटे जाएंगे 61000 नए उज्ज्वला कनेक्शन
बोनस, बिजली तिहार के बाद अब ग्रामीण महिलाओं को साधने के लिए सरकार एलपीजी तिहार मनाएगी। इस तिहार के जरिए महासमुंद जिले में 61 हजार नए गैस कनेक्शन वितरित किए जाएंगे। पहले चरण में 20 अप्रैल को जिले के 13 ग्राम पंचायतों में एक साथ एलपीजी तिहार मनाया जाएगा, जहां एसएसटी परिवार, पीएम आवास योजना, अंत्योदय योजना में शामिल परिवारों को एलपीजी कनेक्शन दिया जाएगा। जिले में अब तक 1.18 लाख गैस कनेक्शन वितरित किए जा चुके हैं।
खाद्य अधिकारी अजय यादव ने बताया कि एलपीजी पंचायत में गांव की 500 महिलाओं को शामिल किया जाएगा। यहां सांसद, विधायक सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के माध्यम से नए एलपीजी कनेक्शन वितरित किए जाएंगे। साथ ही महिलाओं को गैस कनेक्शन का उपयोग करते समय प्रयोग किए जाने वाले सुरक्षा मानकों के बारे में जानकारी दी जाएगी।
रिफिलिंग की समस्या होगी दूर, हर सोमवार को वितरक खुद पहुंचेंगे गांव : खाद्य अधिकारी अजय यादव ने बताया कि उज्ज्वला योजना के तहत जिले में 1.18लाख कनेक्शन वितरित किए गए हैं, लेकिन इनमें से 33 प्रतिशत सिलेंडर ही रिफिलिंग हो पाते हैं। यही कारण है कि अब हर सोमवार को गांव-गांव तक एलपीजी के वितरक जाएंगे और रिफिलिंग करेंगे। जिले में कुल 13 वितरक इस समय हैं, 6 नए वितरक को जल्द ही काम सौंपा जाएगा।
हर ग्राम पंचायत में किया जाएगा आयोजन
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के अफसर और महासमुंद जिले के नोडल अफसर सुशील कुमार ने बताया कि एलपीजी पंचायत को आयोजन मार्च 2019 तक हर ग्राम पंचायतों में किया जाना है। आयोजन का जिम्मा एलपीजी वितरक के पास होगा। वे हर महीने ग्राम पंचायतों में जाकर पंचायत का आयोजन करेंगे। यहां नए कनेक्शन देने के साथ सेफ्टी क्लीनिक के जरिए महिलाओं को इसके उपयोग के बारे में बताया जाएगा।