प्रक्रिया... नवोदय में चयन प्रवेश परीक्षा 21 को
महासमुंद| जवाहर नवोदय विद्यालय, सराईपाली में कक्षा 6वीं के लिए प्रवेश चयन परीक्षा 21 अप्रैल को आयोजित होगी। यह परीक्षा सुबह साढ़े 11 बजे से प्रारंभ होगी। नवोदय विद्यालय के प्राचार्य वायएसएस चंद्रशेखर ने बताया कि इस परीक्षा में जिले के 10871 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसके लिए जिले के पांचों विकासखंड सराईपाली, बसना, पिथौरा, बागबाहरा एवं महासमुंद में कुल 28 परीक्षा केंद्र बनाया गया है। उन्होंने बताया कि चयन परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी किया जा चुका है। इस परीक्षा में शामिल होने के लिए जिस अभ्यर्थी द्वारा ऑनलाइन आवेदन किया गया है वे कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) से डाउनलोड कर सकते है तथा जिस अभ्यर्थी ने ऑफलाइन आवेदन किया है, वे संबंधित खण्ड शिक्षा अधिकारी, सहायक खण्ड शिक्षा अधिकारी, प्रधान पाठक या संकुल प्रभारी से संपर्क कर प्रवेश पत्र प्राप्त कर सकते हैं।