- Hindi News
- National
- विधायक : मरीज भगवान, इलाज में रोड़ा बने तो सगे भाई के खिलाफ भी कार्रवाई करूंगा
विधायक : मरीज भगवान, इलाज में रोड़ा बने तो सगे भाई के खिलाफ भी कार्रवाई करूंगा
महवा विधायक एवं संसदीय सचिव ओमप्रकाश हुड़ला और उनके चचेरे डॉक्टर भाई मनीष मीणा के बीच विवाद खड़ा हो गया है। इसकी वजह यह है कि विधायक हुड़ला ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत कनिष्ठ शिशु विशेषज्ञ मनीष मीणा को एपीओ करवा दिया। आरोप यह है कि डॉ. मनीष मीणा मरीजों का इलाज करने में लापरवाही बरते रहे हैं। दूसरी ओर डॉक्टर मनीष का कहना है-वे खुद बीमार होने की वजह से मेडिकल लीव पर हैं। दोनों के बीच यह विवाद कस्बे में चर्चा का विषय बना है। भास्कर ने इस मुद्दे पर विधायक हुड़ला और उनके भाई डॉ. मनीष से बातचीत की। पढ़िए दोनों ने इस मुद्दे पर क्या दलीलें दी...।
क्षेत्रीय विधायक ओमप्रकाश हुड़ला ने लापरवाही बरतने पर अपने चचेरे डॉक्टर भाई को कराया एपीओ
पार्टी में सीखा, भाई-भतीजावाद से ऊपर उठकर काम करना, वही किया
विधायक ओमप्रकाश हुड़ला का कहना है-महवा अस्पताल में मेरे चचेरे भाई और शिशु चिकित्सक मनीष मीणा द्वारा मरीजों का इलाज नहीं करने की जानकारी मिली। उच्चाधिकारियों से दूरभाष पर बात कर कारवाई करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने बताया कि मरीज मेरा भगवान है, रोगियों की सेवा में जो भी रोड़ा बनेगा उसके खिलाफ कार्रवाई करूंगा, चाहे वह मेरा सगा भाई ही क्यों न हो। मेरा उद्देश्य सर्व समाज की सेवा करना है। भाजपा की संस्कृति भाई-भतीजावाद से ऊपर उठकर कार्य करने की है और मैं भी वही कर रहा हूं।
इंचार्ज ने विधायक के सामने तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश किया, मेरी गलत छवि बनाई, दोनों भाइयों के बीच द्वेषता पैदा की
डॉ. मनीष मीणा ने बताया- क्षेत्रीय विधायक ओमप्रकाश हुडला ने भाई होने के नाते राजनीतिक फायदा लेने के लिए मुझे बलि का बकरा बनाया गया है। मैं 9 अप्रैल से पथरी के दर्द के कारण छुट्टी पर हूं, जिसका मेरे द्वारा पूर्व में मेडिकल दे रखा था। इसके बावजूद बिना जांच के मेरे खिलाफ सामूहिक रुप से एपीओ कराने की साजिश पूर्ण कार्रवाई की गई है। महवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इंचार्ज मुझसे व्यक्तिगत द्वेषता रखते हैं वे यह भी जानते हैं कि में विधायक का भाई हूं इसलिए स्वयं को प्रभावशाली बनाए रखने व दोनों भाइयों के बीच द्वेषता पैदा करने के लिए इंचार्ज ने पूरे मामले को विधायक के समक्ष तोड़-मरोड़कर पेश किया। इससे मेरी नकारात्मक छवि बन सके। ड्यूटी के दौरान मॉर्निंग, इवनिंग, इमरजेंसी के अलावा ऑन कॉल सिजेरियन डिलीवरी मैं भी अपनी सेवाएं देकर अपने नैतिक कर्तव्यों का निर्वहन कर रहा हूं।
डॉक्टर भाई : विधायक ने सियासी फायदे के लिए बलि का बकरा बनाया, मैं छुट्टी पर था
चिकित्सक ने जारी किया मेडिकल प्रमाण पत्र।
यह था मामला : सीएचसी में 13 अप्रैल को कनिष्ठ विशेषज्ञ शिशु डॉ. मनीष मीणा अनुपस्थित थे। इस बीच मरीजों के अस्पताल पहुंचने की सूचना विधायक को सीसीटीवी कैमरे से मिलने के बाद अस्पताल प्रभारी डॉ. दिनेश मीणा से जानकारी ली और शिशु चिकित्सक की लापरवाही मानते हुए डॉ. मनीष के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
महवा शिशु चिकित्सक मनीष मीणा 9 से 13 अप्रैल तक बिना किसी पूर्व सूचना के ड्यूटी से अनुपस्थित थे। उनके द्वारा मुझे मेडिकल संबंधी कोई सूचना नहीं दी गई। जबकि वे आवास पर मरीजों का इलाज कर रहे थे। डॉक्टर मनीष द्वारा उन पर लगाए गए सभी आरोप निराधार है। डॉ दिनेश, चिकित्सा प्रभारी, सीएचसी, महवा