मंडावार में पेयजल समस्या से त्रस्त महिलाओं ने लगाया जाम
यहां पेयजल समस्या से परेशान होकर शुक्रवार को महिलाओ ने अलवर-महवा राजमार्ग पत्थर डालकर जाम कर दिया। करीब आधा घंटे बाद पुलिस की समझाइश के बाद महिलाओं ने जाम खोला।
गांव मंडावर व नागल सुमेरसिंह में बिजली के अभाव में करीब एक सप्ताह से पेयजल समस्या चल रही थी। अधिकारियों द्वारा ध्यान नहीं देने से नाराज महिलाएं अलवर-महवा राजमार्ग स्थित रेलवे फाटक पर एकत्रित हो गई तथा सड़क पर पत्थर डालकर जाम लगा दिया। इस दौरान महिलाओं ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। जाम लगने से राजमार्ग पर वाहनों की कतार लग गई। करीब आधा घंटे बाद पहुंची पुलिस ने महिलाओं से समझाईश कर जाम हटवाया। इस दौरान महिलाओं ने आरोप लगाया कि जलदाय विभाग के अधिकारियों से कई बार शिकायत किए जाने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। जिससे पेयजल के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव मंडावर के ठोड़ीकाबास में तीन दिन से बिजली भी नहीं आ रही है। मामले को लेकर जलदाय विभाग के एईएन विकास मीना ने बताया बिजली के अभाव में पेयजल व्यवस्था गड़बड़ाई हुई है। बिजली व्यवस्था दुरुस्त होने पर पेयजल व्यवस्था सुचारू हो जाएगी।
पानी के लिए अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी
दौसा | शहर में पानी की समस्या दिनों दिन बढ़ती जा रही है। इससे लोगों में रोष है। शुक्रवार को पानी की समस्या को लेकर वार्ड नं. 13 की महिलाएं जलदाय विभाग के कार्यालय पहुंची। कार्यालय में एईएन के नहीं मिलने पर महिलाओं ने रोष जताया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पार्षद आशीष शर्मा ने बताया कि विकास कालोनी, जानकी देवी कॉलोनी, शिक्षक कॉलोनी में पानी नहीं आने के कारण महिलाओं को दर दर भटकना पड़ रहा है। समस्या बताने कार्यालय आए, तो सिटी एईएन नहीं मिले। कार्यालय में मौजूद जेईएन को महिलाओं ने बताया कि कई सालों से विकास कॉलोनी, जानकी देवी कॉलोनी में नलों में पानी का प्रेशर नहीं आ रहा है। इस मामले में कई बार पहले भी अवगत कराया,लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। गुरुवार को जन सुनवाई में भी समस्या रखी। लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। जेईएन प्रदीप कुमार का कहना था कि लेबर नहीं होने से काम में विलंब हो रहा है। जेईएन ने कहा कि सात दिन में लाइन का मिलान कर देंगे। महिलाओं ने कहा कि सात दिन में कार्रवाई नहीं हुई, तो एक्सईएन कार्यालय पर धरना देंगे। त्रिवेणी देवी, पूजा देवी, चंद्रकला, संगीता, अनीता, इंद्रा पोसवाल, सानू शर्मा, सुनीता शर्मा आदि ने रोष जताया।
मंडावर. पेयजल के लिए अलवर-महवा मार्ग पर जाम लगती महिलाएं।
मंडावर. पेयजल के लिए अलवर-महवा मार्ग पर जाम लगती महिलाएं।