पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • 24 लाख रुपए की लागत से बनेगा फायर स्टेशन 250 गांवों को फायदा

24 लाख रुपए की लागत से बनेगा फायर स्टेशन 250 गांवों को फायदा

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कई वर्षों के लंबे इंतजार के बाद अब जल्द ही महवा में फायर स्टेशन का निर्माण होगा। जिसके लिए सरकार द्वारा 24 लाख रुपए की जारी की जा चुकी है। जिसका आगामी दिनों में क्षेत्र के लोगों को फायदा मिल सकेगा। साथ ही आगजनी की घटनाओं में होने वाले नुकसान मैं काफी हद तक अंकुश लग सकेगा। जानकारी के अनुसार बीते वर्षों में क्षेत्र में आगजनी की बड़ी तादाद में होने वाली घटनाओं व सरकार द्वारा जून 2016 में महवा को नगरपालिका घोषित किए जाने के बाद से ही महवा में फायर स्टेशन बनाए जाने की कवायद तेज हो गई थी। इसे लेकर सरकार द्वारा महवा में फायर स्टेशन निर्माण के लिए 24 लाख रुपए की स्वीकृति जारी की गई है। जिसे लेकर ग्राम पंचायत शहदपुर की चारागाह भूमि में एक बीघा भूमि फायर स्टेशन के लिए आवंटित की गई है। जिसके लिए राजस्व विभाग की टीम में पहुंचे गिरदावर उमाकांत मीणा, पटवारी राकेश सिंघल ने शहदपुर में फायर स्टेशन के लिए आवंटित भूमि की पैमाइश कर नगर पालिका अधिशासी अधिकारी तेजराम मीणा, कनिष्ठ अभियंता मुकेश मीणा को भूमि का कब्जा सौंपा। इधर पालिका अधिशासी अधिकारी तेजराज मीणा ने बताया कि फायर स्टेशन के लिए अब भूमि आवंटन होने के बाद जल्द ही इसका निर्माण शुरु करवाया जाएगा। जिसकी सभी तैयारी पूर्ण कर ली गई है।

दौसा-बांदीकुई के भरोसे नहीं रहेंगे लोग, आगजनी की घटनाओं में आएगी कमी

43 ग्राम पंचायतो के करीब 250 से अधिक गांवो को होगा फायदा

महवा. शहदपुर में फायर स्टेशन के लिए आवंटित भूमि की पैमाइश करती राजस्व टीम।

जब तक दमकल पहुंचे तब तक सब कुछ स्वाह :बीते वर्षों में महवा क्षेत्र में होने वाली आगजनी की घटनाओं के दौरान क्षेत्र के लोगों व प्रशासन की सूचना पर दौसा व बांदीकुई से दमकल आग बुझाने यहां पहुचती थी। लेकिन दोनों जगहो से दमकल पहुंचने में करीब 1 घंटे से अधिक का समय लग जाता था। जिसका खामियाजा यहां के लोगों को उठाना पड़ता था। लेकिन अब महवा में फायर स्टेशन बनने के बाद लोगों को दमकल के लिए दौसा व बांदीकुई के भरोसे नहीं रहना पड़ेगा।

महवा में फायर स्टेशन बनने से क्षेत्र की 43 ग्राम पंचायतो के करीब 250 से अधिक गांव के लोगों को इसका फायदा मिल सकेगा। जहां किसी भी आगजनी की घटनाओं की सूचना मिलते ही दमकल मौके पर पहुंचकर आग बुझा सकेगी। और आगजनी की बडी वारदातो पर अंकुश लग सकेगा।

महवा में फायर स्टेशन बनने के बाद आए दिन होने वाली आगजनी की वारदातो से होने वाले नुकसान पर काफी हद तक अंकुश लगेगा साथ ही दमकल के लिए दोसा से बांदीकुई के भरोसे नही रहना पड़ेगा। - तेजराम मीणा, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका महवा

भूमि को लेकर एक वर्ष से अटका था मामला

महवा में नगर पालिका के अस्तित्व में आने के कुछ माह बाद ही राज्य सरकार द्वारा यहां फायर स्टेशन बनाने के लिए 24 लाख की स्वीकृति जारी कर दी गई थी। लेकिन विगत करीब 8 माह से उपयुक्त जगह आवंटन के अभाव में फायर स्टेशन निर्माण अटका पड़ा था। पूर्व में नगर पालिका द्वारा महवा के किले के समीप फायर स्टेशन के लिए जगह मांगी गई थी लेकिन सार्वजनिक निर्माण विभाग अधिशासी अभियंता द्वारा उस जगह को उपयुक्त नहीं मानते हुए खारिज कर दिया था। ऐसे में अब ग्राम पंचायत शहदपुर की चरागाह भूमि में एक बीघा भूमि आवंटित होने के बाद महवा में फायर स्टेशन बनने का रास्ता साफ हो गया है। जिसका निर्माण जल्द ही शुरू होगा।

सालाना 6 दर्जन से अधिक होती हैं आगजनी की घटनाएं

प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार क्षेत्र में सालाना 6 दर्जन से अधिक आगजनी की वारदात होती है। जिनमें यहां दमकल के पहुंचने तक लाखों रुपए का नुकसान व जान माल की हानि होती थी। जिनमें घर, दुकाने, प्रतिष्ठान, फसल, पशु, कड़बी के मामले शामिल होते हैं।

खबरें और भी हैं...