खराब चापाकल के पास प्यास बुझाने की आस में खड़े बच्चे।
भास्कर न्यूज | महेशमुंडा
मानजोरी पंचायत के कई गांवों में इन दिनों पानी की किल्लत हो गई है। इससे ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। बता दें कि मानजोरी पंचायत के दुदो, नईयाडीह, मंडरडीह, पालोखरी, चकरदाहा, हाडोडीह, बहादुरपुर समेत दर्जनाधिक गांवों में पानी की किल्लत है। संबंधित गांवों में खराब पड़े चापाकल मरम्मत की सूचना पीएचईडी को दी जा चुकी है लेकिन फिर भी पहल नहीं हो रही है। चकरदाहा में खराब पड़े चापाकल के कारण छात्रों के साथ-साथ पैक्स आने वाले ग्राहकों को भी परेशानी हो रही है। हाडोडीह और कोयरीडीह में डीप बोरिंग की व्यवस्था की गई थी लेकिन खराब हो जाने के कारण लोगों की परेशानी बढ़ सी गई है। ग्रामीणों में विनोद राणा, शिबू तुरी, गोकुल साह, दानी साह, ललन हेम्ब्रम, रमेश सोरेन सहित कई अन्य ग्रामीणों ने विभाग से अविलंब खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत की मांग की है।