संत सियाराम बाबा के नवीन आश्रम का वास्तु पूजन 30 को
खामखेड़ा | पीपलगोन में बेड़िया मार्ग पर संतश्री सियाराम बाबा के नवीन आश्रम का काम पूरा हो चुका है। इसका वास्तु पूजन 30 अप्रैल को होगा। आयोजन को लेकर अनुयायी तैयारियों में जुट गए हैं। नर्मदा तट स्थित संतश्री सियाराम बाबा आश्रम महेश्वर परियोजना में डूब में होने से 3 साल से नवीन आश्रम का काम चल रहा था। करीब डेढ़ करोड़ रुपए लागत से बाबा के मार्गदर्शन में आश्रम का निर्माण हुआ है। आश्रम में बाबा की पसंद से ही रंगों का चयन भी किया गया है। ज्ञात हो नर्मदा तट भट्याण बुजुर्ग में बाबा ने आश्रम व घाट बनाया था। इसके डूब में जाने से मिली मुआवजे की 2.57 करोड़ रुपए राशि बाबा ने नागलवाड़ी भिलट मंदिर में टीनशेड के लिए दान कर दी। इसके साथ नर्मदा परिक्रमावासियों के ठहरने के लिए भट्यान-ससाबड़ मार्ग पर 5 लाख रुपए से यात्री प्रतीक्षालय भी बनाया।