सड़क इतनी जर्जर हो गई कि पानी की पाइप लाइन बाहर निकल आई
राजेंद्र मार्ग में क्षतिग्रस्त होकर इस प्रकार फैल रही गिट्टी।
भास्कर संवाददाता | महिदपुर
नगर की सड़कें जर्जर हो चुकी हैं। इससे रहवासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे बुरा हाल राजेंद्र मार्ग का है। जगह-जगह बड़े गड्ढे हो चूके है। मार्ग की गिट्टी भी उखड़ने लगी है। इतना ही नहीं क्षतिग्रस्त होने से जल प्रदाय की पाइप लाइन तक सड़क के बाहर आ चुकी है। ऐसे में राहगीरों व वाहन चालकों को दिक्कतें आ रही है। इसी प्रकार गांधी मार्ग पर भी समस्या बनी हुई है। प्रमुख मार्ग होने से आते जाते आवागमन में असुविधा होती है। हालांकि इस मार्ग सीसी रोड निर्माण होना है लेकिन वर्तमान में रहवासियों को काफी असुविधा हो रही है। मुख्यमंत्री सड़क अधोसंरचना के तहत नगर में 6 प्रमुख मार्गों का सीमेंट कांक्रीट होना है, लेकिन अब तक 3 मार्गों का ही निर्माण पूरा हुआ है। अगले महीने बारिश में तो और दिक्कत बढ़ेगी।
शादी के सीजन के कारण राेका था काम
मुख्यमंत्री सड़क अधोसंरचना के तहत नगर के गांधी मार्ग पर 15 दिन बीतने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। रहवासियों ने जिम्मेदारों के खिलाफ नाराजगी जताई। हालांकि उक्त मार्ग का निर्माण 28 अप्रैल को शुरू होना था, लेकिन व्यापारियों की मांग पर 10 दिन बाद शुरू करने का निर्णय लिया गया था। रहवासियों ने बताया 28 अप्रैल को शादी का सीजन के कारण कुछ समय बाद निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की गई थी, ताकि बाजार में आने जाने वाले राहगीरों व ग्रामीणों एवं रहवासियों को किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो।
घोड़ा पछाड़ गांधी मार्ग पर खस्ताहाल सड़क से गुजरते राहगीर।
मेला रोड भी हुआ क्षतिग्रस्त
नगर के चौक बाजार से मेला रोड भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। रहवासियों ने बताया चौक बाजार से मेला पहुंच मार्ग के निर्माण की मांग काफी समय से की जा रही है, लेकिन कोई भी जिम्मेदार इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। सड़क की समस्या पिछले कई सालों से बनी हुई है।