अतिक्रमण से अवरुद्ध हो रहे यातायात पर भी हुई चर्चा
भास्कर संवाददाता | महिदपुर
नगर में सीमेंट-कांक्रीट सड़क निर्माण के कारण हो रही परेशानी का मुद्दा शांति समिति की बैठक में पूरे समय छाया रहा। वही रमजान में पर्व को लेकर भी चर्चा हुई। थाना परिसर में आयोजित बैठक में सदस्यों ने बताया कि मुख्यमंत्री अधोसंरचना के तहत सीमेंट-कांक्रीट सड़क निर्माण कार्य चल रहा है। जिसमें घाटी मोहल्ला में शुरू होने व निर्माण पूर्ण होने में करीब तीन माह का समय पूर्ण हो गया है। लेकिन अभी तक आवागमन शुरू नहीं हुआ। ऐसे में वहां के रहवासियों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। चौपहिया वाहन नहीं निकल पा रहे है। पुलिस की गश्त भी प्रभावित हो रही है। इतना ही नालियां जाम होने से मच्छरों के प्रकोप से भी लोगों को असुविधा हो रही है। इसी प्रकार जवाहर मार्ग पर भी सड़क निर्माण पूर्ण हो गया है। लेकिन यह भी शुरू नहीं हो पाया है। इसे भी शुरू करने की मांग की। साथ ही नवनिर्मित सड़क पर चेंबर भी खुले पड़े है। जिन्हें भी ढकने की बात कही। इधर, बाजार में अतिक्रमण के कारण अवरूद्ध हो रहे यातायात के बारे में सदस्यों ने अधिकारियों का ध्यान अवगत कराया। जिसमें अधिकारियों ने सभी सदस्यों से भी साथ में रहने का अनुरोध किया। जिससे कार्रवाई सार्थक हो सके। वही नारायणा रोड पर बार-बार लगने वाले जाम से निजात के लिए सुरक्षाकर्मी तैनात करने की मांग की गई। बैठक में एसडीएम जगदीश गोमे, एसडीओपी धर्मपाल सूर्यवंशी, टीआई कुलवंत जोशी, शहरकाजी मसउद अली, एसआई आरएस परमार, दीपक भोंडे, राहुल रावत, बिजली कंपनी के उपयंत्री सोनू कुल्मी आदि सहित समिति सदस्य मौजूद थे।