किसान का जला हुआ घर। दूसरे चित्र में जला हुए नोट दिखाता किसान।
जगोटी | ग्राम खुरचनिया प्रताप में शुक्रवार दोपहर बाद अज्ञात कारणों से लगी आग के कारण एक लघु कृषक का कच्चा मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया। आगजनी से फसल बेचकर आए किसान के 50 हजार रुपए नकदी, बहु के आभूषण, घरेलू सामन एवं अनाज भी जल गया। घर में सोए पीड़ित किसान मांगीलाल पिता कन्हैयालाल के डेढ़ वर्षीय पोते ऋषभ को बचा लिया गया। आगजनी के दौरान कृषक के दोनों पुत्र मजदूरी करने गए थे। ग्रामीणों के अनुसार हादसे के समय गांव में विद्युत प्रदाय भी बंद था। तेज हवा के कारण थोड़ी ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिसे काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों एवं महिदपुर फायर ब्रिगेड ने काबू पाया। किसान का मकान आगजनी में पूरी तरह जल जाने से पीड़ित परिवार की ठहरने की व्यवस्था ग्रामीणों ने अपने घरों में की है। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची।