पदराणा में खेल मैदान के पास ठेका खोलने पर जताया रोष
भास्कर संवाददाता | माहिलपुर
गढ़शंकर के गांव पदराणा में शराब के ठेकेदार के कारिंदों द्वारा गांव की पंचायत से बिना स्वीकृति लिए खेल मैदान के पास अपना खोखा रखने के कारण पूरा गांव गुस्से में है।
इस संबंधी सरपंचरमन कुमार, पंचों में विशाल राणा, धर्मपाल, नरिंदर कुमार, अर्जुन राम, सरोज बाला, अमरजीत कौर और मनजीत कुमारी ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव के खेल मैदान के पास शराब कंपनी द्वारा अपनी दुकान खोलने के कारण खेलने वाले बच्चों के मनों में नशे के प्रति आकर्षण पैदा होगा और उनके दिलों में नशे के प्रति गलत सोच जन्म लेगी। रमन कुमार ने बताया कि शराब की दुकान खोलने के लिए गांव की पंचायत से कोई स्वीकृति प्राप्त नहीं की इसके लिए उन्होंने एसडीएम गढ़शंकर को अपनी शिकायत दर्ज करवा दी है और उनसे कहा है कि इसे जल्द से जल्द यहां से उठाया जाए।
यह तो पंजाब सरकार से मंजूरशुदा है : ठेकेदार
इस संबंध में जब सिंगला ट्रेडर्स से बात की तो उन्होंने बताया कि यह ठेका सरकार से मंजूरशुदा है फिर भी किसी को समस्या होगी तो वह वहां से हटा देंगे।