- Hindi News
- National
- अफसरों ने फॉरेस्ट गार्ड को सस्पेंड और ब्लाक अधिकारी का तबादला कर खुद को बचाया
अफसरों ने फॉरेस्ट गार्ड को सस्पेंड और ब्लाक अधिकारी का तबादला कर खुद को बचाया
भास्कर संवाददाता | माहिलपुर
रामपुर गांव की पंचायत द्वारा धार्मिक स्थल के लिए वन विभाग से लिए रास्ते को हिमाचल प्रदेश के क्रशरों को देने का मामले में भास्कर के हाथ लगे वन विभाग के पत्र से पता चला है कि विभाग ने दोषी मानने हुए वन गार्ड रामपुर सुभाष चौहान को सस्पेंड और ब्लॉक अधिकारी बलवीर सिंह का तबादला एसएएस नगर की सीसवां रेंज में कर दिया है। जबकि इस मामले को उठाने वाले परमिंदर कितना का कहना है कि इस कार्रवाई से साफ है कि उच्चाधिकारियों ने खुद को बचाने के चक्कर में कर्मचारियों को बलि का बकरा बनाया है।
वन विभाग के शिवालिक सर्कल के प्रभारी चर्चिल कुमार द्वारा 4 अप्रैल को जारी पत्र नं 1 में लिखा गया है कि अखबारों में लगी खबरों और आरटीआई एक्टिविस्ट परमिंदर कितना की शिकायत से पता चला था कि वन विभाग से रामपुर की पंचायत द्वारा जो रास्ता धार्मिक स्थल पर जाने के लिए लिया गया था, उसका भारी वाहन और ट्रैक्टर-ट्रॉली द्वारा कमर्शियल इस्तेमाल किया जा रहा था। 20 नवंबर 2017 को वन विभाग की टीम ने मौके पर देखा कि रास्ता लेने वाले यूजर और मोटेव दोनों का गंभीर उल्लंघन हो रहा है। इसलिए वन गार्ड सुभाष चौहान को सस्पेंड और ब्लॉक अधिकारी बलबीर सिंह का तबादला कर दिया गया है।
बता दें पंचायत विभाग इस मामले में गांव रामपुर की पंचायत को पत्र लिखकर रास्ता बंद करने की चेतावनी दे चुका है लेकिन अभी तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है।