सूबे में आदिवासी मूलवासी को दबाया जा रहा: रमेश
महुदा|झारखंड मुक्ति मोर्चा द्वारा रविवार की शाम बिनोद बिहारी महतो स्टेडियम मुरलीडीह के प्रांगण में मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि जिलाध्यक्ष रमेश टुडू ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री यहां की जनता का दर्द नहीं समझते हैं। वे आदिवासी-मूलवासी को दबाने का कार्य कर रहे हैं। आदिवासियों की जमीन पूंजीपतियों को दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोयलांचल माफियाओं से घिरा है। यहां की जनता की जमीन एवं खनिज संपदा लूटकर राजनेता अमीर बनते जा रहे हैं। झामुमो विधानसभा चुनाव में बाघमारा में अपना परचम लहराने के लिए जनता के बीच शोषण मुक्ति का जागरण अभियान चलाएगा। समारोह के संयोजक अजमुल अंसारी ने कहा कि विधायक यहां के बेरोजगारों को रोजगार के नाम पर गुमराह कर रहे हैं। समारोह की अध्यक्षता रामधनी महतो, संचालन प्रखंड सचिव नरेश महतो व धन्यवाद ज्ञापन आशिष पासवान ने किया। समारोह में वीरेंद्र पांडेय, रंजीत कुमार महतो, सुनील रजक, छत्रपति महतो, तिलकेश्वर महतो, नीरज तिवारी, सौरभ कंदवे, चंदन साव, गोलू गुप्ता, अनिकेत गुप्ता, सुनील चौधरी, राहुल नोनिया आदि थे।