रॉयल रूट्स प्ले स्कूल महुदा में आयोजित चार दिवसीय समर कैंप के अंतिम दिन शनिवार को बच्चों द्वारा ग्रीटिंग कार्ड बनाया गया। बच्चों ने आकर्षक ग्रीटिंग कार्ड बनाकर अपना हुनर दिखाया। तत्पश्चात फिल्मी गीत पर नृत्य कर अभिभावकों का मन मोह लिया। समारोह में उपस्थित समाजसेवी सह अधिवक्ता निर्मल कुमार रवानी ने सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को पढ़ाई के साथ अतिरिक्त शिक्षा भी होना चाहिए। खेल के माध्यम से शिक्षा देने से बच्चों का मन प्रसन्न रहता है। प्रधानाध्यापक संजय कुमार सिंह ने कहा कि चार दिवसीय ग्रीष्म शिविर में अभिभावकों का भरपूर सहयोग मिला। बच्चों ने भी मन लगाकर कार्यक्रम में भाग लिया। इस प्रकार का कार्यक्रम प्रति वर्ष आयोजित किया जाएगा। मौके पर विद्यालय की शिक्षिका पूनम सिंह, मीरा सिंह, सुनीता कुमारी, अफसाना खातून, तबस्सुम, शिक्षक सतीश कुमार सिंह, राजकुमार सिंह, समीर आदि मौजूद थे।