समर कैंप में बच्चों ने पौधरोपण कर दिया हरियाली का संदेश
रॉयल रूट्स प्ले स्कूल महुदा में बुधवार को चार दिवसीय (समर कैंप) ग्रीष्म शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में प्रथम दिन बच्चों के द्वारा पौधरोपण किया गया साथ ही जलेबी दौड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में श्रुति कुमारी प्रथम, सूरज प्रताप द्वितीय एवं वंश रवानी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी प्रतिभागियों को विद्यालय परिवार की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजय कुमार सिंह ने कहा कि खेल-खेल से बच्चे पढ़े और नई-नई जानकारी प्राप्त करें, इसी के तहत बच्चों के बीच इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। अगले तीन दिन भी बच्चों के बीच विभिन्न प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। मौके पर सतीश कुमार सिंह, पूनम सिंह, मीरा सिंह, अफसाना खातून, सुमित्रा कुमारी, तबस्सुम सहित दर्जनों अभिभावक मौजूद थे।
समर कैँप के दौरान पौधरोपण करते बच्चे।