बंदना में चार हैंडपंप खराब, शिकायत पर भी किसी ने नहीं ली सुध, पानी की किल्लत
ग्राम पंचायत बंदना में चार हैंडपंप महीनों से खराब पड़े हैं लेकिन इसे आज तक नहीं सुधारा गया है। गांव के सरपंच का कहना है कि वे खुद कई बार पीएचई के दफ्तर गए लेकिन किसी ने इसकी सुध नहीं ली। गांव में पानी की किल्लत है।
बंदना के मेन रोड में लगा हैंडपंप महीनों से खराब है। हैंडपंप सुधारने के लिए सरपंच द्वारा विभाग के कर्मचारियों को बोला गया। यहां तक कि उन्हें हैंडपंप के खराब सामान को खरीदकर देने की भी बात कही गई लेकिन फिर भी आज तक हैंडपंप में सुधार नहीं कराया गया।
दूर-दूर से पानी लाने ग्रामीण मजबूर
जानकारी के अनुसार बंदना के यादवपारा, माझापारा, हाई स्कूल एवं मेन रोड में हैंडपंप खराब पड़े हैं। इन चारों इलाके के लोग दूर-दूर से पानी लाने मजबूर हैं। गर्मी में पानी का लेवल कम होने से दूसरे जल स्रोत से भी पानी कम मिल पा रहा है। इस संबंध में पीएचई के एसडीओ एसएस पैकरा ने बताया कि पाइप नहीं होने के कारण हैंडपंप में सुधार नहीं हो रहा था। अब पाइप मिल गया है जल्द ही हैंडपंप में सुधार करा दिया जाएगा।