वादा निभाओ के नारे लगा सीएम निवास घेरने निकले ग्रामीण
आदिवासी ब्लॉक के ग्राम बोईरगांव के 100 से ज्यादा ग्रामीणों ने शुक्रवार को सभा का आयोजन व पूजा कर राजधानी रायपुर तक की पदयात्रा शुरू की। कई क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ नागरिकों और ग्रामीणों ने जनपद सदस्य सुकचंद ध्रुव के नेतृत्व में सुबह 10:30 बजे बोईरगांव से 150 किमी रायपुर मुख्यमंत्री निवास तक पदयात्रा की शुरुआत की।
पदयात्रा कर रहे ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री वायदा निभाओ, पानी, बिजली, शिक्षा देना होगा, जैसे नारे लगा रहे थे। हाथों में बैनर, पोस्टर लेकर भारत माता की जय के नारे भी लगाए। पदयात्रियों का पहला पड़ाव 35 किमी दूर ग्राम नवागढ़ में होगा।
इसके पहले सभा को संबोधित करते हुए जनपद सदस्य ने कहा कि पिछले साल 9 मई को लोक सुराज अभियान के तहत मुख्यमंत्री डाॅ. रमन सिंह ग्राम आए थे। तब ग्रामीणों की मांग पर मुख्यमंत्री ने बोईरगांव पंचायत के सभी आश्रित ग्रामों में बिजली लगाने का वायदा कर 6 महीने के अंदर बिजली लगाने की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री के घोषणा के बावजूद आज दो वर्ष होने जा रहे हैं, लेकिन आश्रित ग्राम डुमरघाट में बिजली नहीं लगाई गई है। जबकि इस समस्या से क्षेत्र के आला अधिकारियों को समय-समय पर बताया जा चुका है। पूर्व सरपंच राम सिंग मांझी ने कहा कि इस पंचायत क्षेत्र की लोग हायर सेकेंडरी स्कूल की मांग कर थक चुके हैं। बोईरगांव से पथर्री तक सड़क मरम्मत, वन अधिकार पट्टा जैसे समस्याओं के समाधान के लिए आजादी के बाद से संघर्ष कर रहे हैं। मुख्यमंत्री को समस्याओं से अवगत कराने पर उम्मीद जताई कि वे समाधान करेंगे। पदयात्रा में सरपंच हिरौंदी मांझी, चंदन सिंग, नवल कुमार, राजेंद्र कुमार, दिनेश कुमार, संतोष कुमार, श्रवण कुमार, सुकरूराम, फागुराम, सुंदर सिंग, बिशेसर, सुमेर सिंग, रामसाय सांडे, नरेश कुमार सहित 100 से ज्यादा ग्रामीण पदयात्रा में शामिल है।
प्रदर्शन
आदिवासी ब्लॉक के ग्राम बोईरगांव के 100 से ज्यादा ग्रामीण 150 किमी रायपुर तक पदयात्रा शुरू, पहला पड़ाव नवागढ़
मैनपुर. बोईरगांव से ग्रामीणों ने नारे लगाते हुए पदयात्रा शुरू की।
ग्रामीणों की ये हैं मांगें
मुख्यमंत्री द्वारा 9 मई 2016 को कमार ग्राम डुमरघाट में विद्युतीकरण की घोषणा पूर्ण करने, मुख्य मार्ग बोईरगांव से पथर्री तक सड़क निर्माण, हाईस्कूल झरियाबाहरा को हायर सेकेंडरी करने, 100 सीटर ग्राम बालक आश्रम को 8वीं तक करने, 1980 में खेल मैदान के लिए दिए गए प्राथमिक शाला का सीमांकन करने, बोईरगांव पंचायत में वन अधिकार पट्टा बांटने, माध्यमिक शाला के जर्जर भवन को बनाने, लोक सुराज अभियान में उत्तर उदंती दक्षिण उदंती अभयारण्य में हुए निर्माण कार्यों की जांच, ग्राम पंचायत बड़ेगोबरा, भूतबेड़ा, कुचेंगा, गरहाडीह, गौरगांव, गोना, तौरेंगा, अमाड़, जांगड़ा के ग्रामों में विद्युतीकरण करने की मांग प्रमुख है।