पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • मकराना में सरकार ने रोजाना 117 टैंकरों से जलापूर्ति की दी मंजूरी, ठेकेदार शहर में पहुंचा रहा 26 टैंकर ही पानी

मकराना में सरकार ने रोजाना 117 टैंकरों से जलापूर्ति की दी मंजूरी, ठेकेदार शहर में पहुंचा रहा 26 टैंकर ही पानी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नगर परिषद क्षेत्र के 40 वार्डों में जलापूर्ति के लिए हाल ही में राज्य सरकार ने 117 टैंकर स्वीकृत किए हैं। परंतु ठेकेदार 26 टैंकर से ज्यादा की आपूर्ति नहीं दे पा रहा है। ठेकेदार ने 13 अप्रैल से काम शुरू किया है तथा काफी भागदौड़ के बावजूद संसाधन जुटाने में उसे परेशानी आ रही है। ऐसे में 16 अप्रैल को मात्र 26 टैंकरों से ही आपूर्ति दी जा सकी है। मकराना में भूमिगत जल स्तर 200 मीटर से नीचे चला गया है निजी नलकूपों पर पहले से ही टैंकर चालकों के बीच टैंकर भरने को लेकर मारामारी बनी रहती है। ऐसे में ठेकेदार के लिए 117 टैंकर प्रतिदिन पानी का जुगाड़ करना टेढ़ी खीर साबित हो रहा है। फिलहाल जलदाय विभाग के एक्सईएन आरएल मीना मकराना में टैंकरों से जलापूर्ति की स्वयं मॉनिटरिंग कर रहे हैं। मकराना में प्रतिदिन 170 लाख लीटर पानी की आवश्यकता है। जबकि सरकारी नलकूपों से उपलब्धता मात्र 12 लाख लीटर पर सिमट गई है। शहर में अधिकांश इलाकों में 20 दिन के अंतराल से पानी आपूर्ति होता है। वहीं मकराना की परिधि क्षेत्र के लुहारपुरा, भाटीपुरा, गरीब नवाज कॉलोनी, ओम कॉलोनी जैसे इलाकों में दो-तीन माह से पानी की आपूर्ति हो पा रही है। यह पानी इतना खारा है कि वह पीने के काम में नहीं लिया जा सकता।

मकराना. शहर के एक वार्ड में टैंकर से पानी भरते लोग।

सरकार ने टैंकर स्वीकृत कर दिए हैं तो क्यों देरी की जा रही है। अगर ठेकेदार के पास व्यवस्थाएं बनाने के संसाधन नहीं थे तो पहले विभाग को उसका बैकग्राउंड जांचना चाहिए था। स्वीकृत टैंकरों के 25 फीसदी टैंकर भी वार्डों में नहीं पहुंच पा रहे हैं। शहादत भाटी, समाजसेवी वार्ड 32

अखबारों से ही पता चला कि मकराना में टैंकरों से पानी आपूर्ति शुरू हुई है। अब तक तो हमारे वार्ड में सरकारी टैंकर पहुंचा ही नहीं है। पानी की मारा-मारी इतनी है कि निजी टैंकरों से भी पानी समय पर नहीं मिल पा रहा है। जलदाय विभाग को टैंकरों से जलापूर्ति के लिए पूरी तैयारी करनी चाहिए थी। निरमा देवी, गृहिणी, वार्ड 34

20 दिन से भी पानी नहीं मिल पाता है। सुनने में आया है कि टैंकरों से पानी मोहल्ले में आएगा, परंतु कब आएगा पता नहीं। रोजाना टक टकी लगाए देखते हैं कि कब टैंकर आए और कब पानी भरें। मजबूरीवश निजी टैंकरों अथवा दूरदराज के नलकूपों से पानी लाकर जरूरत पूरी कर रहे हैं। शांति देवी, गृहिणी, वार्ड 32

जनता पानी के लिए परेशान

पानी के अभाव लोग परेशान हंै। रोजमर्रा के काम भी नहीं हो पा रहे हैं। कुछ वार्डों में तो एक भी टैंकर नहीं पहुंच पाया है। रेलवे स्टेशन रोड, आजम गली, इकबालपुरा, माताभर रोड, गुलजारपुरा, कायता मोहल्ला, गजधरों की गली आदि इलाकों में हालात काफी भयावह है। वार्ड 32, 33, 34, 35, 36, 38, 39 में एक भी टैंकर से आपूर्ति नहीं हुई है।

शहर के कुछ संकरे इलाकों व गलियों में ट्रैक्टर-टैंकर नहीं पहुंच पाते हैं। वहां पर छोटे टैंकरों से पानी सप्लाई कराई जाए। ताकि हर परिवार तक पानी पहुंच पाए। नलों से 20 दिनों में पानी आता है। जो पानी सप्लाई होता है वह भी खारा होता है। विभाग को चाहिए कि टैंकरों से मीठा पानी शहर को पिलाएं। अशफाक गैसावत, समाजसेवी

खबरें और भी हैं...